अल्मोड़ा। चितई के व्यापारी राजेंद्र सिंह बोरा का चार दिन बाद भी कुछ पता नहीं लगा है। बताया जा रहा है कि चितई बाजार में स्थित फड़ हटाने को लेकर श्री बोरा पिछले कुछ दिनों से तनाव में थे। इस मामले में व्यापारी की पत्नी आशा बोरा ने एनटीडी चौकी में गुमशुदगी दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार राजेंद्र बोरा चितई बाजार में फड़ लगाकर व्यवसाय चलाते थे। बीते दिनों बाजार में लगे फड़ों को हटाने को लेकर कुछ विवाद चल रहा था। राजेंद्र बोरा का कहना था कि कुछ लोग राजनीतिक द्वेष के कारण उनके फड़ को हटवाना चाहते हैं। उन्होंने लापता होने से पहले कमरे में जो सुसाइड नोट छोड़ा है उस पर भी फड़ हटाने को लेकर तीन प्रभावशाली लोगों पर परेशान करने का आरोप लगाया है। इधर एसएसपी पी रेणुकादेवी ने बताया कि पुलिस उक्त व्यापारी को खोजने का प्रयास कर रही है।