चौखुटिया (अल्मोड़ा)। चौखुटिया में चंडीगढ़ और अरुणाचल में बनी शराब का अवैध कारोबार धड़ल्ले से हो रहा है। इस मामले में पुलिस ने थैले में 14 बोतल भरकर ले जा रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके द्वारा बताए पते के व्यक्ति के ठिकानों पर भी छापेमारी की गई, परंतु कुछ हाथ नहीं लगा। अलबत्ता दूसरे प्रांतों से लाई जा रही शराब बरामद होने के बाद चौकन्ना हुई पुलिस ने एक टीम का गठन किया है।
चौखुटिया में अवैध रूप से बाहरी प्रदेशों से शराब लाकर बेचे जाने की चर्चाएं पिछले कुछ दिनों से चल रही थीं। इधर रविवार को पुलिस ने एटीएम तिराहे से गैरसैंण के सिलंगा निवासी सुरेंद्र सिंह के बैग से 14 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की, जिसमें 4 बोतल चंडीगढ़ और 10 बोतल अरुणाचल प्रदेश की हैं। पकड़े गए व्यक्ति से कड़ी पूछताछ में उसने शराब चौखुटिया से ही खरीदने की बात कहते हुए संबंधित व्यक्ति के नाम का खुलासा भी कर दिया।
पुलिस ने बताया कि संबंधित व्यक्ति के ठिकानों पर छापामारी की गई, परंतु कुछ भी बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने बताया कि मामला गंभीर है, लिहाजा पुलिस ने इसके लिए एक टीम गठित कर जांच शुरू कर दी है। पकड़े गए व्यक्ति के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।