अल्मोड़ा। लोअर मालरोड निवासी गजेंद्र किरोला के घर में घुसकर चोर कुछ नकदी और दो सोने की अंगूठी चुरा ले गए। फिलहाल चोरी का पुलिस में कोई मुकदमा दर्ज नहीं है। बेस चौकी प्रभारी संतोष देवरानी ने बताया कि वारदात शुक्रवार रात हुई। इस दौरान गृह स्वामी गजेंद्र किरोला किसी कार्यवश परिवार समेत हल्द्वानी गए हुए थे।
घर में उन्होंने किसी रिश्तेदार को छोड़ा हुआ था, लेकिन वह रात को किसी अन्य के यहां सोने चला गया। मौके का फायदा उठाकर चोर घर में घुसे और उन्होंने वहां से कुछ नकदी और सोने की अंगूठियां चुरा लीं। इसकी जानकारी उनके रिश्तेदार ने ही दी। कितनी चोरी हुई इस बारे में गृह स्वामी के आने के बाद ही पता चलेगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल पुलिस अपने स्तर से जांच में जुटी है।