अल्मोड़ा। जिले में किशोरों के टीकाकरण का महाअभियान सोमवार से शुरू हो गया है। सुबह 10 बजे से ही जिले के सभी केंद्रों में किशोरों का पहुंचना जारी हो गया। टीकाकरण करवाने के लिए पहुंचे 15 से 18 साल तक के किशोरों में काफी उत्साह दिखा। जिले में 61 केंद्रों में 4950 किशोरों और किशोरियों को टीका लगाया गया। शहर में जीजीआईसी, जीआईसी और केंद्रीय विद्यालय में टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई।
अल्मोड़ा इंटर कॉलेज में अभियान की शुरूआत विधायक रघुनाथ सिंह चौहान ने की। टीकाकरण के लिए पहुंचे किशारों ने बताया कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे टीकाकरण से उन्हें अब कोरोना से लड़ने में काफी मदद मिलेगी। कोरोना की तीसरी संभावित लहर का खतरा भी बढ़ रहा है। ऐसे में टीकाकरण का समय पर होना जरूरी था। डॉक्टरों ने कहा टीकाकरण के बाद किशोरों में डर की भावना दूर रहेगी। उन्होंने सभी किशोरों से आग्रह किया कि वह बढ़-चढ़कर टीकाकरण अभियान में हिस्सा लें, भारत सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं का फायदा उठाएं।
सोमेश्वर में भी टीकाकरण की रौनक
सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। सोमेश्वर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में टीकाकरण का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य गीता जोशी और विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, भाजपा मंडल अध्यक्ष खड़क सिंह नेगी द्वारा किया गया। इस दौरान डॉक्टर आनंद तिवारी ने कहा इस टीकाकरण से 15 से 18 साल के बच्चे सुरक्षित रहेंगे। मौके पर एएनएम रश्मि, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक हेमा जोशी, प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कॉलेज भूल खरका गांव भूपेंद्र सिंह, प्रशासनिक अधिकारी बीआरसी सोमेश्वर हेमंत जोशी आदि रहे।
सेल्फी लेकर यादगार बनाया टीकाकरण
अल्मोड़ा। टीकाकरण को लेकर पहुंची किशोरियों ने अपने दोस्तों के साथ सेल्फी लेकर इस दिन को यादगार बनाया। किशोरियों ने कहा कि पिछले दो साल से वह कोरोना के भय में रह रहे हैं। टीकाकरण नहीं हो पाने के कारण वह काफी चिंतित थीं, लेकिन अब टीकाकरण हो गया है इससे कोरोना की संभावित तीसरी लहर से लड़ने में काफी मदद मिलेगी।
टीकाकरण के दौरान कोरोना के नियम धड़ाम
अल्मोड़ा। टीकाकरण के दौरान कोरोना के सारे नियम धड़ाम हो गए। इस पर न तो स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने ध्यान दिया और न ही किशोरों ने जागरूकता का परिचय दिया। जीजीआईसी में टीकाकरण के दौरान काफी अव्यवस्था रही। कई बार स्वास्थ्य कर्मियों ने बैठने का आग्रह भी किया, लेकिन कमरे में अव्यवस्था होने के कारण कोई भी बैठा नहीं। सभी किशोरियां इधर-उधर भीड़ बनाकर खड़ी रहीं। ऐसे में यदि ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले समय में कोरोना की रफ्तार और तेजी से बढ़ सकती है।