गंदे पानी की समस्या को लेकर जल संस्थान के अधिकारियों से वार्ता करते लक्ष्मेश्वर वार्ड के लोग
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। जाखनदेवी के लोगों ने दूषित जल आपूर्ति के विरोध में सोमवार को जल संस्थान में प्रदर्शन किया। इसके बाद जल संस्थान ने पेयजल लाइन की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है।
जाखनदेवी क्षेत्र में कई स्थानों पर पेयजल लाइनें नालियों से होकर गुजरती है। लाइनों में लीकेज होने के कारण नाले का गंदा पानी रिसकर लोगों के घरों में पहुंचता है जिससे क्षेत्र में पिछले 20 दिनों से दूषित पानी की आपूर्ति हो रही थी। दूषित पानी पीने से लोगों में पीलिया आदि बीमारी की शिकायतें मिल रही थी। सोमवार को इस संबंध में क्षेत्र के लोगों ने लक्ष्मेश्वर वार्ड के सभासद अमित साह के नेतृत्व में जल संस्थान के ईई केएस खाती से वार्ता की। खाती ने बताया कि पहले भी इस लाइन को सही कराया गया है। अब फिर से लाइन को सही कराया जा रहा है। एक- दो दिन के भीतर लाइन पूरी तरह से ठीक हो जाएगी। उन्होंने कहा कि जेई बलवंत सिंह मेहरा को विभागीय कर्मचारियों के साथ लाइन की मरम्मत के लिए लगाया गया है। जब तक लाइन पूरी तरह से ठीक नहीं हो जाती टैंकरों से पेयजल की व्यवस्था की जाएगी।