अल्मोड़ा। चारधाम यात्रा के गति पकड़ने के साथ ही भारी संख्या में यात्रियों का आवागमन शुरू हो गया है। वहीं श्रद्धालुओं को धामों तक सहज और सुरक्षित रूप से ले जाने के लिए परिवहन विभाग ने 580 बस और टेंपो ट्रेवरल का पूल तैयार किया है। रोडवेज डिपो अल्मोड़ा से भी चार बसें चारधाम यात्रा के लिए मांगी गई हैं। बसों के चार धाम यात्रा पर जाने से रूटों पर संचालन व्यवस्था चरमरा गई है।
चारों धामों के कपाट खुलने के बाद चार धाम यात्रा ने और अधिक गति पकड़ ली है। परिवहन निगम केदारनाथ और बदरीनाथ के लिए प्रतिदिन अपनी सेवा दे रहा है। रोडवेज डिपो अल्मोड़ा से चार बसें चार धाम यात्रा के लिए मांगी गई हैं। रोडवेज डिपो अल्मोड़ा की बस (यूके-07-पीए-4449), (यूके-07-पीए-4445), (यूके-07-पीए-4448), (यूके-07-पीए-4446) कुल चार बसों को चारधाम यात्रा पर भेज दिया है। रोडवेज डिपो से रोजाना 18 सेवाओं का संचालन किया जाता है। डिपो से अटपेसिया, धरमघर, देहरादून, टनकपुर, दिल्ली, हरिद्वार, मासी, लमगड़ा, चंडीगढ़, बेतालघाट, लमगड़ा, लखनऊ, गुरुग्राम, बागेश्वर-बरेली आदि स्थानों को सेवाएं संचालित होती हैं।
चार बसों के चारधाम यात्रा पर जाने से रोडवेज की संचालन व्यवस्था पर व्यापक असर पड़ रहा है। कई सेवाओं का नियमित संचालन नहीं हो रहा है। कभी देहरादून, टनकपुर, बागेश्वर तो कभी अन्य सेवाएं स्थगित हो रही हैं। नियमित बसों का संचालन न होने से यात्रियों की समस्याएं भी बढ़ने लगी हैं। चारधाम के लिए यदि डिपो से और बसें मांगी गईं तो यात्रियों को बसों की किल्लत से जूझना पड़ सकता है।
रोडवेज की चार सेवाएं नहीं चलीं, यात्री हलकान
अल्मोड़ा। रोडवेज की चार बसों के चारधाम यात्रा पर जाने से रूटों पर रोडवेज की संचालन व्यवस्था चरमरा गई है। मंगलवार को रोडवेज की चार सेवाओं का संचालन ठप रहा। बसें न चलने से यात्री परेशान रहे। रोडवेज स्टेशन से मिली जानकारी के मुताबिक डिपो की अल्मोड़ा-देहरादून, अल्मोड़ा-टनकपुर, अल्मोड़ा-बेतालघाट-दिल्ली, अल्मोड़ा-लमगड़ा-दिल्ली रूटों पर बसों का संचालन ठप रहा। बसें न चलने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई यात्री महंगा किराया देकर टैक्सी में गंतव्य को रवाना हुए।
चारधाम यात्रा के लिए रोडवेज डिपो अल्मोड़ा से चार बसें मांगी गई थीं। चार बसों को चारधाम यात्रा के लिए भेज दिया गया। चार बसों के चारधाम यात्रा पर जाने से संचालन व्यवस्था पर असर पड़ रहा है।
- विजय तिवारी, सहायक महाप्रबंधक रोडवेज डिपो अल्मोड़ा
यात्रियों की परेशानी
केस नंबर-01
देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि वह अल्मोड़ा से लखनऊ जा रहे हैं। लखनऊ सेवा भी आए दिन स्थगित हो रही है जिससे यात्रियों का परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अब चार बसों के चारधाम यात्रा पर जाने से यात्रियों को और अधिक परेशानी झेलनी पड़ेगी।
केस नंबर-02
प्रकाश सिंह देहरादून जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि देहरादून को भी बसों का नियमित संचालन नहीं हो रहा है। बसें कभी चल रही हैं तो कभी नहीं चलती है। इससे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। रूटों पर सभी सेवाओं का नियमित संचालन किया जाए।
फोटो- 10एएलएम05पी
केस नंबर-03
अमरनाथ जोशी हवालबाग जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बस का इंतजार करते-करते काफी समय हो गया है लेकिन अभी बस नहीं आएगी। पता नहीं बस संचालित होगी या नहीं। बसों का नियमित संचालन न होने से यात्रियों को दिक्कतें हो रही है।
केस नंबर-04
उमेश केमू स्टेशन में बस का इंतजार रहे थे। बोले गेवपानी जाना है लेकिन अभी बस नहीं आई। उन्होंने बताया कि शादियों के सीजन में रूटों पर वाहनों की किल्लत चल रही है। इससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।