ब्लाक कार्यालय भिकियासैंण में तालाबंदी करते जनप्रतिनिधि।
- फोटो : ALMORA
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। क्षेत्र पंचायत की बैठक स्थगित किए जाने के लिए प्रधान संगठन भिकियासैंण ने नाराजगी जताते हुए विकास खंड कार्यालय में अनिश्चितकालीन तालाबंदी की। प्रधान संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से डीएम को भी इसकी सूचना भेजी है।
बुधवार को प्रधान संगठन ने पूर्व तय कार्यक्रम के अनुसार प्रदर्शन कर ब्लाक कार्यालय में तालाबंदी की। सभा को संबोधित कर प्रधान संगठन अध्यक्ष प्रेम सिंह रावत ने कहा कि ढाई वर्ष बाद पहली बार छह मई को बीडीसी बैठक की तिथि निर्धारित की गई थी लेकिन ब्लॉक प्रमुख ने अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए इसे स्थगित कर दिया। 28 अप्रैल को जिले के सक्षम अधिकारियों को अवगत कराया गया था लेकिन सकारात्मक पहल नहीं होने के कारण प्रधान संगठन तालाबंदी को मजबूर हुआ है।
संगठन का कहना है कि तालाबंदी खोलने का निर्णय जिला स्तर के अधिकारियों के साथ वार्ता के बाद ही लिया जाएगा। प्रतिनिधियों ने नारेबाजी कर ब्लाक कार्यालय में सक्षम अधिकारियों के नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए इसे पंचायत प्रतिनिधियों की उपेक्षा करार दिया। वहां प्रधान संगठन अध्यक्ष प्रेम सिंह रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य दिनेश घुघत्याल, कृपाल रावत, भाग सिंह मेहरा, देवेश खुल्वे, रामसिंह बसनाल, उमेश करगेती, प्रकाश चन्द्र, भावना पंत, लक्ष्मी देवी, बीना देवी आदि थे। भिकियासैंण ब्लॉक प्रमुख चित्रा का कहना है कि ब्लॉक सभागार निर्माणाधीन चल रहा है जिस कारण सभागार में बैठने की व्यवस्था नहीं है। इसी वजह से बीडीसी बैठक को स्थगित किया गया है।