रानीखेत (अल्मोड़ा)। रानीखेत उपमंडल में लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। ताड़ीखेत ब्लाक के धूराफाट, चौगांव पट्टी, चिलियानौला नगर पालिका सहित तमाम स्थानों पर पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने से लोगों में भारी आक्रोश है।
ताड़ीखेत में तीन-तीन पेयजल योजनाएं होने के बाद भी वहां के लोग प्यासे रह रहे हैं। सार्वजनिक स्टेंड पोस्ट पर पानी भरने के लिए लोगों की भीड़ लगी हुई है। लोगों का कहना है कि गर्मी से पहले ही विभागों को पेयजल व्यवस्था सुधारनी चाहिए थी। बता दें कि इन गांवों में तिपौला पेयजल पंपिंग योजना, ताड़ीखेत गगास पेयजल योजना और ऋषिगाड़ योजना से आपूर्ति होती है लेकिन आए दिन लोग पानी की समस्या से जूझते रहते हैं। इस कारण लोगों में आक्रोश है। जल संस्थान के ईई सुरेश ठाकुर का कहना है कि वितरण व्यवस्था ठीक है। ताड़ीखेत योजना से मात्र 20 प्रतिशत पानी गांवों को वितरित करने के लिए मिलता है। तिपौला योजना में कई खामियां हैं।
-ताड़ीखेत और ग्रामीण क्षेत्रों में आए दिन पानी की समस्या रहती है। यहां तीन पेयजल योजनाओं के बावजूद लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाना दुर्भाग्यपूर्ण है।-हिमांशु फर्त्याल, लेटी, ताड़ीखेत।
-ऋषिगाड़, तिपौला और ताड़ीखेत पेयजल योजना से पानी की आपूर्ति की जाती है लेकिन विभाग की वितरण व्यवस्था हमेशा ही कठघरे में खड़ी रही है। मांग के बावजूद वितरण व्यवस्था नहीं सुधर रही है।-प्रताप बिष्ट, गैरड़, ताड़ीखेत।
-ताड़ीखेत और आसपास के गांवों में पानी की आपूर्ति नहीं हो पाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। कई बार वितरण व्यवस्था सुधारने की मांग की जा चुकी हैं लेकिन विभाग सुनवाई नहीं कर रहे हैं।-जितेंद्र रावत, ताड़ीखेत।
विद्यापुर वार्ड और छानागोलू के जनप्रतिनिधि एसडीएम से मिले
द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। पेयजल समस्या से जूझ रहे नगर पंचायत के विद्यापुर वार्ड के लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर जल्द पेयजल समस्या का समाधान करने की मांग की है। कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो 15 मई से मुख्य मोटर मार्ग जाम कर दिया जाएगा। कहा कि 17 अप्रैल से पानी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। पहले तीन दिन में पानी की आपूर्ति की जाती थी। वहीं 17 अप्रैल से हफ्ते में मात्र एक दिन पानी आ रहा है और वह भी पर्याप्त नहीं। नगर पंचायत के ही कनार वार्ड और अन्य वार्डों में पूर्व की भांति ही तीसरे दिन पानी दिया जा रहा है।
केवल विद्यापुर वार्डवासियों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। ज्ञापन में कहा गया कि जिस टंकी से विद्यापुर को लाइन है उसमें से कई लोगों को अवैध संयोजन वितरित किए गए हैं। उन्हें जल्द हटाने की मांग की गई है। ज्ञापन देने वालों में सेवानिवृत्त तहसीलदार नंदन सिंह रौतेला, प्रताप सिंह मेहरा, उमेश साह, पनी राम, प्रताप राम, वार्ड सभासद प्रमोद कुमार, श्याम सिह, मनीष कुमार आदि थे। छानागोलू न्याय पंचायत की छाना, भेट, च्याली तीन ग्राम पंचायतों में भी पानी आपूर्ति न होने से आक्रोशित जनप्रतिनिधियों ने तहसील पहुंच कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। छाना प्रधान दीपा रौतेला, भेट प्रधान मंजू देवी, च्याली प्रधान प्रकाश सिंह भंडारी, च्याली क्षेत्र पंचायत सदस्य नीमा देवी आदि एसडीएम से मिले।