अल्मोड़ा जिला अस्पताल में कोरोना जांच करते कर्मचारी
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। जिले में फिर एक बार कोरोना संक्रमण का ग्राफ बढ़ने लगा है। स्वास्थ्य विभाग से मिले आंकड़ों के अनुसार बृहस्पतिवार को जिले में 248 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। विभाग ने सभी संक्रमितों को होम आइसोलेशन में रहने के निर्देश दिए हैं।
हवालबाग क्षेत्र में 72, भैसियाछाना में 10, ताकुला में 23, ताड़ीखेत में सात, लमगड़ा में 96, द्वाराहाट में 14, धौलादेवी में 18, चौखुटिया में 03, सल्ट मेें एक, भिकियासैंण में एक, देघाट में दो और रानीखेत में एक कोरोना संक्रमित मिला है। इधर, जिला अस्पताल में भी एक स्टाफ नर्स और महिला अस्पताल में पांच रोगी संक्रमित पाए गए।
जिला अस्पताल में बृहस्पतिवार को 154 और महिला अस्पताल में 38 ओपीडी पहुंची। कोरोना के चलते जिले की सभी सीमाओं पर भी स्वास्थ्य विभाग की टीम बाहरी राज्यों व जिलों से आने वाले लोगों की जांच कर रही है। बसों और निजी वाहनों से आने वाले यात्रियों की भी जांच की जा रही है। सीएमओ डॉ. आरसी पंत ने बताया कि संक्रमण बढ़ने के साथ ही जांचें भी बढ़ाई गई हैं। कोरोना से लड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से तैयार है। लोग कोरोना नियमों का पालन कर खुद की सुरक्षा करने के लिए जागरूक रहें। इधर, पुलिस ने भी कोविड नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बगैर मास्क घूम रहे 34 और सामाजिक दूरी का पालन न करने वाले 169 लोगों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की है। दन्यां थाना पुलिस ने भी शांति भंग के आरोप में दो लोगों का चालान किया। पांच पेटी अवैध शराब के साथ एक युवक को भी दन्यां थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है।