द्वाराहाट की भीड़ापानी सड़क का चार सौ मीटर हिस्सा। संवाद
- फोटो : RANIKHET
द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। 20 लाख रुपये खर्च करने के बावजूद डाक बंगला-भीड़ापानी सड़क में डाक बंगले से राजकीय बालिका इंटर कालेज के गेट तक 400 मीटर सड़क की हालत आज तक नहीं सुधरी। इस महत्वपूर्ण सड़क से द्वाराहाट इंटर कॉलेज, पुलिस थाना, ट्रेजरी, न्यायिक मजिस्ट्रेट कार्यालय सहित आध्यात्मिक शांति केंद्र योगदा सत्संग आश्रम जुड़ता है। वहीं, कालीखोली, मल्ला कौंला, तल्ला कौला, भुमकिया आदि गांवों को जोड़ने वाली यह प्रमुख सड़क है। पूर्व बीईओ की ओर से आरटीआई के तहत मांगी गई सूचना में इसका खुलासा हुआ है।
भीड़ापानी मार्ग पर दोपहिया, चौपहिया वाहनों की आवाजाही लगी रहती है लेकिन बीच में डाकबंगले से राजकीय कन्या इंटर कॉलेज तक सड़क का हिस्सा जर्जर है। मार्ग पर कई दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल तक हो चुके हैं। सड़क आगे भीड़ापानी होते हुए सुरईखेत, नागार्जुन रोड से मिलती है। पूर्व खंड शिक्षाधिकारी ओपी हर्बोला ने सूचना के अधिकार के तहत सूचना भी मांगी थी, जिसमें पता चला कि 1998 में एसआरवाई तहत 5.60 लाख, 2011-12 में जिला योजना से 8.99 लाख, तीन वर्ष पूर्व जिला योजना से पांच लाख की धनराशि सुधारीकरण के लिए स्वीकृत हुए, लेकिन चार सौ मीटर टुकड़े का आज तक निर्माण नहीं हो सका है।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य युगल किशोर आर्य ने बताया कि 1998-99 में एसआरवाई से इस सड़क में डामरीकरण हुआ था। सात आठ वर्ष पूर्व इसमें जिला योजना से सीसी निर्माण तथा ढाई साल पहले जिला योजना से इसकी मरम्मत के नाम पर धनराशि खर्च की जा चुकी है। लोगों का आरोप है कि गुणवत्ता की कमी के चलते मरम्मत कार्य के दो महीने बाद ही सड़क की हालत खराब हो जा रही है।