तेज रफ्तार ट्रक के अनियंत्रित होकर टूटी दीवार
- फोटो : amar ujala
देहरादून में आशा रोड़ी से आईएसबीटी की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर दीवार तोड़ते हुए एक घर में जा घुसा। चालक ने भागने की जल्दबाजी में ट्रक बैक करने के दौरान एक युवक को कुचल दिया।
हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। उधर क्षेत्रवासियों में आक्रोश इस दुर्घटना के बाद से आक्रोश है।
पटेलनगर थानाध्यक्ष बीडी उनियाल ने बताया कि बुधवार शाम करीब पांच बजे एक ट्रक यूके 07एस 2095 आशा रोड़ी की ओर से शहर की ओर आ रहा था। इस दौरान विंडलास फैक्टरी मोहब्बेवाला के पास ट्रक अनियंत्रित होकर एक घर में जा घुसा।
आरोपी चालक की तलाश में पुलिस
ट्रक चालक तत्काल ट्रक को बैक करने लगा। बैक करने के दौरान सुमित (22) पुत्र मदनपाल निवासी मोहब्बेवाला इसके चपेट में आ गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची 108 ने घायल सुमित को दून अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि युवक इलेक्ट्रीशियन था और उसके पिता की बिजली की दुकान है। पुलिस आरोपी चालक की तलाश कर रही है।