फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस पिटाई से युवक की मौत, फूटा लोगों का गुस्सा

Tue, 05 Nov 2013 08:03 AM IST
अमर उजाला, लखीमपुर-खीरी
विज्ञापन
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के भीरा थाना क्षेत्र की बिजुआ पुलिस चौकी के दो सिपाहियों ने गांव रैनागंज में सोमवार दोपहर एक युवक की इतनी पिटाई की कि उसकी मौत हो गई। आरोप है कि जुआ खेलने के दौरान पकड़े जाने पर युवक पुलिस वालों से उलझ गया था।
विज्ञापन


युवक की मौत पर उग्र ग्रामीणों ने पुलिस चौकी पर धावा बोल दिया और आरोपी दोनों सिपाहियों की पिटाई कर उनकी राइफलें छीन लीं। तीन मोटरसाइकिलों समेत पूरी चौकी को फूंक डाला। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस वालों ने हवाई फायरिंग की तो छीनी गई राइफल से गांव वालों ने भी फायरिंग की।

ग्रामीणों का गुस्सा देख चौकी इंचार्ज और सिपाहियों ने भागकर जान बचाई। जिले के करीब 20 थानों की पुलिस, पीएसी मौके पर पहुंच गई है।

घटना की सूचना मिलते ही डीएम गौरव दयाल, एसपी प्रशांत कुमार, एएसपी बालेंदु भूषण सिंह भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीण आरोपी सिपाहियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे।
विज्ञापन


देर शाम डीएम ने राकेश के परिवार वालों को मुआवजा दिलवाने और दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया तब ग्रामीण शांत हुए। इस दौरान लखीमपुर-दुधवा राजमार्ग करीब चार घंटे तक जाम रहा।

ग्राम रैनागंज निवासी राकेश (25) पुत्र स्व. सुंदर घर के बाहर बैठा था। तभी बिजुआ पुलिस चौकी के सिपाही सुरेश यादव और रामनरेश यादव आ धमके। आरोप है कि राकेश के खिलाफ एक शिकायत की बात कहते हुए सिपाहियों ने उसे उठा लिया और चौकी ले जाने लगे।

विरोध करने पर दोनों पुलिस कर्मियों ने राकेश की मौके पर जमकर पिटाई की और मरनासन्न हालत में छोड़कर लौट गए। परिवार वाले राकेश को सीएचसी ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और वे पुलिस चौकी पर हमला बोलकर बवाल काटा। घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव है। देर रात भारी सुरक्षा के बीच पोस्टमार्टम के लिए शव को जिला मुख्यालय ले जाया गया।

दस लाख मिलेगा, जमीन का पट्टा भी
जिलाधिकारी गौरव दयाल के अनुसार मृतक राकेश के परिवार वालों को कृषक दुर्घटना बीमा का पांच लाख रुपये के अलावा, मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से भी पांच लाख दिलाए जाएंगे। इसके लिए उनकी शासन से बात हो गई है।

राकेश की बेवा को ग्राम समाज की खाली पड़ी जमीन में से कुछ जमीन का पट्टा दिलाया जाएगा। डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इसकी वीडियोग्राफी भी होगी। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

दो पुलिस वालों पर मुकदमा दर्ज, सस्पेंड
पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ने देर शाम बताया कि युवक की पिटाई करने वाले दोनों पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है और उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। राइफलें सब सुरक्षित मिली हैं लेकिन कुछ कारतूस कम होने की आशंका पर उनकी गणना कर मिलान कराया जा रहा है।

'प्रदेश में कानून का राज खत्म'
पुलिस की पिटाई से राकेश की मौत ने यह साबित कर दिया है कि प्रदेश में कानून का राज खत्म हो चुका है। मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। जो भी लोग दोषी मिलें उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। तभी ऐसी घटनाओं पर अंकुश लग सकेगा।
- रोमी साहनी, विधायक बसपा

'सरकार को बदनाम करने की कोशिश का हिस्सा तो नहीं'
बिजुआ की घटना बेहद दुखद है। जो कुछ भी हुआ, ठीक नहीं हुआ। प्रयास होगा कि इसकी निष्पक्ष जांच हो। घटना के पीछे के कारणों को भी जानना जरूरी है। यह भी देखना होगा कि यह सरकार को बदनाम करने की कोशिश का हिस्सा तो नहीं है।
विज्ञापन

-शशांक यादव, जिलाध्यक्ष सपा
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें