अब आधार कार्ड की तर्ज पर केंद्र सरकार लोगों को स्मार्ट कार्ड जारी करेगी। अब हर जिले में नेशनल पापुलेशन रजिस्टर (एनपीआर) तैयार किया जाएगा। इसमें क्षेत्र के लोगों का पूरा ब्योरा दर्ज होगा। इसी ब्योरे के आधार पर माइक्रो चिप लगा एक स्मार्ट कार्ड जारी किया जाएगा। केंद्र सरकार की योजना के मुताबिक भविष्य में यही स्मार्ट कार्ड लोगों के लिए राशन कार्ड, वोटर कार्ड और डीएल का काम करेगा।
शहरी क्षेत्रों में इसे बनाने का जिम्मा नगर निगम और नगर पालिकाओं को दिया जाएगा। जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में तहसीलदार और लेखपालों को जिम्मेदारी दी जाएगी। शुक्रवार को एनपीआर योजना के प्रभारी एडीएम वित्त एवं राजस्व ने नगर निगम, नगर पालिकाओं और तहसीलों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने फिलहाल योजना का प्रचार-प्रसार करने और अगले माह से एनपीआर तैयार करने के निर्देश दिए।
नगर निगम क्षेत्र में योजना के प्रभारी और उप नगर आयुक्त एके सिंह ने बताया कि डाटाबेस तैयार करने के लिए नगर निगम हर वार्ड में कैंप लगाकर नगरवासियों के फिंगर प्रिंट, रेटिना प्रिंट और अन्य जरूरी जानकारी जुटाएगा। उनका कहना है कि इसके लिए केंद्र सरकार फंडिंग करेगी।