खुर्जा और मेरठ जिले में गैंगरेप के मामले सामने आए हैं। खुर्जा में तीन छात्रों ने एक युवती के साथ गैंगरेप किया और उसका एमएमएस भी बनाया। घटना के बारे में किसी को बताने पर आरोपियों ने युवती के दो छोटे भाइयों को जान से मारने की धमकी भी दी। वहीं, मेरठ जिले में दो युवकों ने घर में घुसकर एक किशोरी से गैंगरेप किया, विरोध करने पर उसे लाठी और बेल्ट से पीटा।
खुर्जा जिले के पहासू थाना क्षेत्र के एक गांव में 18 वर्षीय शीला (परिवर्तित नाम) शनिवार शाम साढ़े छह बजे खेत पर गई थी। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे गांव के तीन लड़कों ने उसे दबोच लिया। गन्ने के खेत में उससे गैंगरेप किया। पीड़िता का आरोप है कि दरिंदों ने मोबाइल से एमएमएस भी बनाया। बुधवार रात जब शीला का पिता दिल्ली से लौटा तो उसने आपबीती बताई। पिता ने बृहस्पतिवार को पहासू थाने में तहरीर दी। एक आरोपी के पिता ने बेटे को खुद पुलिस के हवाले कर दिया।
'सिर्फ फोटो खींची'
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने गैंगरेप का एमएमएस बनाने की बात से इनकार कर अश्लील फोटो खींचने की बात कबूली है। आरोपी का कहना है कि अश्लील फोटो खींचने का मकसद शीला को ब्लैकमेल करना था।
क्या कहते हैं पुलिस अफसर
पहासू के एसओ राम निवास ने बताया कि युवती के पिता की तहरीर पर तीन लड़कों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा गया है। तीन में से दो आरोपी कक्षा दस और कक्षा बारह के छात्र हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जा रही हैं।
तमंचे के बल पर गैंगरेप
मेरठ जिले के रोहटा गांव की नम्रता (परिवर्तित नाम) बृहस्पतिवार देर शाम घर में अपनी दादी के साथ थी। अन्य परिजन मजदूरी करने गए थे। इसी बीच गांव के दो युवक तमंचा लेकर घर में घुसकर गए। उसकी दादी को मार-पीटकर घर से बाहर भगा दिया। उसके बाद दोनों युवकों ने किशोरी से दुष्कर्म किया। विरोध करने पर किशोरी की लाठी और बेल्ट से पिटाई की।
चीखपुकार सुनकर किशोरी के चाचा मौके पर पहुंचे तो आरोपी उसे धमकी देकर फरार हो गए। यह बात गांव में फैली तो तनाव की स्थिति बन गई। ग्रामीण किशोरी को बदहवास हालत में लेकर थाने पहुंचे। इस बीच एक आरोपी का पिता पीड़ितों के घर पहुंचकर पुलिस कार्रवाई करने पर धमकी देने लगा। इस पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। उसके बाद पुलिस ने किशोरी को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया।