यूपी में गाजियाबाद के पिलखुवा स्थित अतरौली गांव में मंगलवार रात साढ़े नौ बजे शराब तस्कर की दुकान पर दबिश देने पहुंचे सीओ अमित कुमार नागर पर शराब तस्कर के लोगों ने हमला बोल दिया। हमलावरों के पथराव में सीओ का सिर फूट गया।
इस दौरान सीओ के साथ गए पुलिसकर्मी और आबकारी विभाग की टीम मौके से भाग गई। घटना के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।
सीओ को सूचना मिली थी कि गांव अतरौली में हरियाणा से तस्करी कर लाई गई शराब बेची जा रही है। इसके बाद वह तीन सिपाहियों और आबकारी विभाग की टीम के साथ गांव अतरौली पहुंचे।
लोगों के मुताबिक सीओ ने जब एक दुकान में छापा मारा तो वहां एक हिस्ट्रीशीटर का भतीजा शराब खरीद रहा था।
सीओ ने उसे दबोचकर शराब तस्कर को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी शराब तस्कर के साथियों ने सीओ पर हमला बोल दिया।