फीरोजाबाद के थाना जसराना क्षेत्र से तीन बच्चों सहित मां के लापता होने की घटना में नया मोड़ आ गया है। इनमें से एक बच्चे का शव थाना करहल क्षेत्र में बुझिया नहर में बरामद हुआ।
मौके पर पहुंचे महिला के भाई ने अपनी बहन और तीन भांजों की हत्या कर शव नहर में फेंकने का आरोप अपने बहनोई पर लगाया है। पुलिस ने बच्चे का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
रविवार की देर शाम थाना करहल क्षेत्र में बुझिया नहर में एक बालक का शव मिला था, जिसे पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से नहर से निकाला। एटा के थाना सकीट के गांव कौंची निवासी शहबाज बंजारा ने शव की शिनाख्त अपने भांजे एहसान (5) के रूप में की।
पुलिस ने मौत का कारण जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया। शहबाज ने बताया कि उसकी बहन हूरजादी की शादी 18 वर्ष पहले फीरोजाबाद के थाना जसराना के गांव नगला हरजू पटीकरा निवासी चंद्रपाल उर्फ चंदर बंजारा के साथ हुई थी।
चंद्रपाल शराब पीने का आदी है। 30 मई की देर शाम हूरजादी अपने पुत्र एहसान (5), कुरबान (3), अमन (2) के साथ गांव से गायब हो गई थी।
हूरजादी की दो अन्य बहनों की शादी भी नगला हरजू में ही हुई है तथा उन्होंने ही इनके गायब होने की जानकारी भाई शहबाज को दी।
शहबाज ने बताया कि उसकी बहन हूरजादी दवा लेने बाजार गई थी और देर शाम लौट आई थी। 30 मई के बाद से ही चंद्रपाल और उसके परिवार के लोग भी घर से गायब हैं।
शहबाज का आरोप है कि उसकी बहन और तीनों भांजों की हत्या करने के बाद चंद्रपाल ने सबूत मिटाने के लिए शवों को नहर में फेंक दिया।
थाना जसराना के वरिष्ठ उप निरीक्षक ने बताया कि थाना करहल पुलिस से जानकारी मिलने के बाद गांव गए थे, ग्रामीणों का कहना है कि बीमारी से परेशान होकर वह बच्चों के साथ नहर में कूद गई थी। अभी कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है।