उत्तर प्रदेश में विहिप की सोमवार से प्रस्तावित पंचकोसी परिक्रमा पर शासन ने रोक लगा दी है। हालांकि प्रशासन ने साफ किया है कि साधु-संतों की अनवरत चलने वाली परिक्रमा पर कोई रोक नहीं रहेगी।
कारसेवकपुरम् में भी हवन-पूजन आदि पर प्रतिबंध नहीं रहेगा। बहरहाल जिले में शनिवार से ही 30 अक्तूबर तक के लिए धारा 144 लगा दी गई।
शासन से दो दिन के मंथन के बाद लौटे डीएम विपिन द्विवेदी ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि श्रीराम मंदिर के निर्माण की कार्ययोजना के तहत विहिप ने 23 सितंबर से 13 अक्तूबर तक पंचकोसी परिक्रमा के आयोजन का ऐलान किया है।
डीएम ने 84 कोसी परिक्रमा का हवाला देते हुए कहा कि 25 अगस्त से 13 सितंबर तक इस परिक्रमा के बहाने भी श्रीराम मंदिर के निर्माण के लिए जनसमर्थन जुटाने के इरादे से असामयिक व परंपरा के खिलाफ आयोजित होने वाले कार्यक्रम को धारा 144 लगाकर प्रतिबंधित किया गया था।
इसी की प्रतिक्रिया में विहिप पंचकोसी परिक्रमा आयोजित कर रही है। अयोध्या में पंचकोसी परिक्रमा हर साल कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी को संपन्न होती आई है। इस समय पितृ पक्ष चल रहा है।
लिहाजा पंचकोसी परिक्रमा का आह्वान व सामूहिक आयोजन परंपरागत नहीं है। हालांकि उन्होंने कहा कि विहिप का बैनर-झंडा लेकर या विवादित भूमि पर श्रीराम मंदिर बनाने के उद्देश्य से निकलने वाले लोगों पर ही प्रतिबंध रहेगा।