संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल में युवा संसद विमर्श
- फोटो : अमर उजाला
युवा संसद का उद्देश्य लोकतंत्र में युवाओं की भागीदारी बढ़ाना है। इससे युवाओं को संसद की कार्यवाही समझ आएगी और वो स्वस्थ राजनीति में भागीदारी कर सकेंगे। ये बातें कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल में आयोजित युवा संसद विमर्श 2023 में युवाओं को संबोधित करते हुए कहीं। अमर उजाला इस कार्यक्रम का नॉलेज पार्टनर है।
उन्होंने कहा कि दुनिया में सबसे अधिक युवा भारत में हैं और उन्हीं के कंधे पर देश का भविष्य है। ऐसे में आप युवाओं को राजनीति में भी कदम रखना होगा। हालांकि, इससे पहले जरूरी है कि आप अपने पैरों पर खड़े हों। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब से देश की कमान संभाली है, तब से राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। आगे होने वाले विकास के लिए युवाओं का सहयोग चाहिए।
जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने कहा कि युवा संसद विमर्श 2023 के जरिये बच्चों को संसद की कार्यप्रणाली समझने का अच्छा मौका मिला है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को भी राजनीति में हिस्सा लेना चाहिए। शहर के पूर्व मेयर कौशलेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि स्वस्थ राजनीति के लिए यह जरूरी है कि नेता शिक्षित हों। आज के विद्यार्थी ही कल देश का नेतृत्व करेंगे और देश को अलग-अलग क्षेत्रों में सार्थक दिशा देंगे। नेता के पास विजन नहीं होगा तो ब्यूरोक्रेसी उस पर हावी हो जाएगी।