ट्रेलर व डीसीएम की टक्कर में युवक की मौत, चालक घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जामुराद। क्षेत्र के रखौना रिंग रोड़ पर बृहस्पतिवार की सुबह खड़े ट्रेलर में डीसीएम भिड़ गई। हादसे में अस्पताल ले जाते समय खलासी संतोष पुकले (27) की मौत हो गई। वहीं घायल चालक दिनेश यादव का उपचार कराया गया। वहीं एक अन्य हादसे में रिंगरोड़ पर वाहन के धक्के से जंसा निवासी बाइक सवार अशोक विश्वकर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।
मध्यप्रदेश के लखनादून (बेलगांव) निवासी दिनेश यादव डीसीएम पर प्रयागराज से पोल व पटिया लादकर शिवपुर जा रहा था। वाहन पर संतोष पुकले खलासी भी था। मिर्जामुराद थानांतर्गत रखौना रिंगरोड़ पर खड़े ट्रेलर के पिछले हिस्से में तेज रफ्तार डीसीएम भिड़ गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे खजुरी चौकी प्रभारी अभिषेक राय ने केबिन में फंसे खलासी को बाहर निकलवा हॉस्पिटल भेजा। रास्ते में उसकी मौत हो गई।
-------
सड़क हादसे मे शोध छात्र की मौत
रोहनिया। बच्छाव निवासी अजय कुमार गोंड (32) डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय लखनऊ में शोध छात्र था। बुधवार को वह लखनऊ से घर आ रहा था। बीती रात कैंट से आटो से घर आते समय अमरा में पिकप ने आटो में टक्कर मार दी थी। इसमें अजय गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे पुलिस ने घायल को ट्रॉमा सेंटर भेजा, जहां पर इलाज के दौरान अजय कुमार गोंड की मौत हो गई। अजय चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। मां शांत देवी सहित परिजन रो-रो कर बेहाल थे।
-------
दुर्घटना में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत
बड़ागांव। थाना क्षेत्र बसनी बाबतपुर मार्ग पर कुछ दिनों पुर्व दो बाइक की टक्कर में पांच लोग घायल हो गए थे। इसमें तीन की मौत हो गई थी। बुधवार की शाम उपचार के दौरान एक और युवक की मौत हो गई। एक मई की रात लगभग 8 बजे दो बाइकों पर सवार पांच लोगों में राजा बाबू और राजू एवं टीपू की उसी दिन मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल मुस्लिम और वारिस का इलाज शिवपुर स्थित एक निजी चिकित्सालय में कराया जा रहा था। जिसमें मुस्लिम की स्थिति गंभीर होने पर परिजन उसे काजी सराय स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया था जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।