वाराणसी। पांडेयपुर के दौलतपुर स्थित मकान में अखिल शुक्ला (33) ने फंदे पर लटक जान दे दी। बुधवार सुबह पुलिस और फारेंसिक टीम ने जांच कीे शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस के अनुसार घरेलू कलह और बेरोजगारी से अवसाद में आकर अखिल ने यह कदम उठाया। परिजनों के अनुसार कोरोना काल में नौकरी छूटने से अखिल घर पर ही रहता था।
सुधाकर महिला इंटर कालेज की पूर्व प्राचार्या उषा शुक्ला दौलतपुर में मकान बनवाकर रहती थी। छोटा बेटा अखिल शुक्ला, पत्नी पूजा शुक्ला व सात साल की बेटी जिम्मी साथ में रहते थे। जबकि बड़ा बेटा निखिल अपना परिवार लेकर नोएडा में रहता है। पिता विजय शंकर शुक्ला की तीन साल पूर्व मौत हो गई थी। पिछले साल मां उषा शुक्ला की मौत होने के बाद दोनों भाइयों में मकान को लेकर विवाद शुरू हो गया। बताया जाता है कि नोएडा में रह रहे भाई निखिल ने मकान को बेचने का दबाव अखिल पर बनाया था। इसकी वजह से भी अखिल अवसाद में था।