यूपी-बिहार की सीमा पर स्थित मांझी रेलवे पुल पर शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे पेंटिंग के दौरान करेंट लगने से युवक नदी में गिर गया। सूचना पर रेलवे अधिकारी, यूपी की बैरिया और बिहार की मांझी पुलिस पहुंच गई, लेकिन दोनों छह घंटे तक सीमा विवाद में उलझी रहीं। चार बजे बैरिया पुलिस ने तलाश शुरू कराई लेकिन पांच बजे अंधेरा होने के कारण काम रोक दिया गया।
बिहार के बेगुसराय जिले के मलिकापुर गांव निवासी दीपक कुमार साह (20) मांझी रेलवे पुल पर पेंटिंग कर रहा था। इसी दौरान रेलवे विद्युतीकरण के लिए लगे तार से उसको करेंट लग गया और वह नदी में जा गिरा। हादसा पुल के चार व पांच नंबर पाए के बीच हुआ। यह बिहार की सीमा में है।
मांझी रेलवे स्टेशन मास्टर की सूचना पर मांझी और बैरिया पुलिस पहुंच गई, लेकिन करीब सात घंटे तक दोनों पुलिस सीमा विवाद में उलझी रहीं। इसके बाद बैरिया पुलिस ने चार बजे युवक की तलाश शुरू कराई और अंधेरा होने पर पांच बजे काम रोक दिया गया।
स्टेशन मास्टर मांझी लाल बाबू ने बताया कि मांझी पुलिस अपना इलाका नहीं होने की बात कह कर लौट गई। आरपीएफ प्रभारी अमित कुमार राय ने बताया कि विद्युतीकरण को लेकर पिछले सप्ताह ही बिजली सप्लाई शुरू होने की चेतावनी जारी की गई थी।