पिंडरा। फूलपुर थाना अंतर्गत पिंडराई (सिंधुरिया) गांव में शुक्रवार को ट्रैक्टर पलटने से किसान बाबूराम यादव (50) की मौत हो गई। वहीं, ट्रैक्टर चला रहा बाबूराम का बेटा दिनेश हादसे में बाल-बाल बच गया। सूचना पाकर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पिंडराई गांव निवासी बाबूराम यादव खेत की जुताई कराने के लिए अपने ही ट्रैक्टर से जा रहा था। ट्रैक्टर उसका बेटा दिनेश यादव चला रहा था। घर से 500 मीटर दूर स्थित निर्माणाधीन फोरलेन सड़क को पार करते समय ट्रैक्टर असंतुलित होकर पलट गया। इसमें ट्रैक्टर पर बैठे बाबूराम की उसके नीचे दबने से मौत हो गई वहीं दिनेश बाल-बाल बच गया। हादसे में घायल बाबूराम को लेकर ग्रामीण पीएचसी पिंडरा गए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
उधर, किसान बाबूराम की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश दिखा। ग्रामीणों का कहना था कि जब फोरलेन सड़क बनते समय अंडरपास मार्ग की मांग की गई थी लेकिन अनदेखी की गई। पुरानी सड़क पांच फीट नीचे हो गई है, जिससे अक्सर दुर्घटना हो रही है। पूर्व ग्राम प्रधान ओमकार यादव, पूर्व शिक्षक कैलाश यादव और उमा यादव ने जिला प्रशासन से बाबूराम के परिवार को उचित मुआवजा और सुगम रास्ता बनवाने की मांग की है। फूलपुर थाने के कार्यवाहक प्रभारी सुधाकर प्रसाद ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया और उनकी मांगों को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने की बात कही।
बेटे ने रुपये के लिए पिता को पीटा
चोलापुर। धरसौना गांव में गुरुवार देर रात एक पुत्र और परिवार के सदस्यों ने बुजुर्ग पिता की पिटाई की। मामला फोरलेन निर्माण के दौरान भूमि अधिग्रहण के एवज में मिले मुआवजे को लेकर बताया जा रहा है। पीड़ित के दूसरे बेटे ने इसकी शिकायत चोलापुर थाने में की है। चोलापुर पुलिस को दी गई शिकायत में रामजनम ने बताया कि गुरुवार रात उसके पिता कमला यादव घर में लेटे थे। इसी दौरान उसके भाई सहित कुछेक अन्य लोगों ने पिता की पिटाई की।