आजमगढ़ में एक युवक ने पुलिस की डांट और थाने बुलाए जाने के डर से जहर खाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने युवक की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।
रौनापार थाना क्षेत्र के उर्दिहां गांव का रहने वाला मुकेश कुमार (20) पुत्र बुद्धिसागर गांव के बाहर मुर्गा मीट की दुकान करता था। मुकेश के छोटे भाई संतोष ने बताया कि गुरुवार को मुकेश ने अपनी दुकान खोली।
रात करीब आठ बजे क्षेत्र के कुछ मनबढ़ किस्म के युवक दुकान के बाहर मारपीट करने लगे। बवाल बढ़ते देख मुकेश ने 100 डायल कर पुलिस कंट्रोल रुप को सूचना दी। मारपीट की सूचना पर रौनापार थाने की पीआरबी 1044 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के आने पर मनबढ़ फरार हो गए।
वहां कोई नहीं मिला तो पुलिस ने फोन करने वाले मुकेश को पकड़ लिया और जमकर फटकार लगाई। साथ ही उसे गाड़ी में बैठाकर थाने ले जा रहे थे। मुकेश के अनुनय विनय के बाद किसी तरह से उसे छोड़ दिया। साथ ही शुक्रवार की सुबह उसे थाने आने की बात कहकर सभी पुलिसकर्मी चले गए।