वाराणसी के जैतपुरा थाना अंतर्गत बगवानाला के पास सोमवार की दोपहर करीब एक बजे एक युवक ने वरुणा नदी में छलांग लगा दी। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। घटनास्थल जैतपुरा और कैंट थाना क्षेत्र की सीमा पर होने के कारण दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।
कुछ देर तक सीमा विवाद के बाद जैतपुरा पुलिस ने गोताखोरों को मौके पर बुलाकर युवक की तलाश शुरू की। शाम करीब चार बजे युवक के शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। दोपहर एक बजे के करीब बगवानाला के पास वरुणा कॉरिडोर पर एक 20 वर्षीय युवक टहल रहा था।
इस दौरान उसने पानी में छलांग लगा दी और नदी के दूसरी छोर की ओर बढ़ने लगा। इस दौरान गहराई ज्यादा होने के कारण वह पानी में समा गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। स्थानीय लोगों के अनुसार वह कुछ दिनों से वरुणा कॉरिडोर के आसपास घूम रहा था।