Varanasi News: घटना की सूचना पाकर मौके पर आदमपुर पुलिस भी पहुंच गई। खबर लिखे जाने तक युवक की तलाश नदी में की जा रही थी। वहीं, युवती के परिजनों को चौकी पर बुला लिया गया।
आदमपुर थाना क्षेत्र के राजघाट पुल से बुधवार को एक युवक गंगा में कूद गया। घटना के वक्त उसके उसके साथ एक लड़की भी थी। जब तक युवती पुल की रेलिंग पर चढ़ती तब तक राहगीरों ने उसे बचा लिया। लोगों ने मामले की सूचना 112 पर दी। इस दौरान युवती के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
विज्ञापन
आदमपुर पुलिस इस मामले में शाम 6:30 बजे तक कुछ भी नहीं बता पा रही थी। शाम चार बजे के करीब एक युवक और युवती नमो घाट पहुंचे। कुछ देर साथ में घूमने के बाद दोनों राजघाट पुल पर पहुंचे। इस दौरान युवक ने पुल की रेलिंग से पानी में छलांग लगा दी। उसके पीछे से कूदने जा रही युवती को लोगों ने बचा लिया। एनडीआरएफ के जवान गंगा नदी में युवक की तलाश कर रहे हैं।
ढाई घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस बनी रही अनभिज्ञ
राजघाट पुल से युवक के कूदने और एक युवती को बचाए जाने के संबंध में आदमपुर पुलिस शाम 6:30 तक अनभिज्ञ बनी हुई थी। पुलिस का कहना था कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। जबकि सूचना मिलने के बाद लोहता निवासी युवती के परिजन मौके पर पहुंच गए थे। घर वाले युवती को अपने साथ लेकर आदमपुर पुलिस चौकी पहुंचे और घटना के बाबत सूचना दी।