बड़ागांव थाना क्षेत्र के बाबतपुर फोरलेन पर काजीसराय ओवरब्रिज के पास मंगलवार दोपहर में एक बाइक सवार युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले निजी अस्पताल और फिर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी अनुसार शिवपुर थाना क्षेत्र के होलापुर निवासी सोनू (25) मंगलवार को अपनी बहन ज्योति के घर त्रिलोचन महादेव से वापस लौट रहा था। दोपहर करीब तीन बजे जैसे ही वह काजीसराय ओवरब्रिज पर पहुंचा, इसी दौरान हादसे का शिकार हो गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद हरहुआ पुलिस ने घायल को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से हालत नाजुक होने पर उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि ओवरब्रिज की चढ़ाई से ठीक पहले सड़क पर उभार बन गया है, जो आए दिन हादसों की वजह बन रहा है।
बताया गया कि सोनू की बाइक तेज रफ्तार में थी और उभार के चलते उछल गई। जिससे वह नियंत्रण खो बैठा और पीछे से आ रही कार से जा टकराया। टक्कर के बाद वह दूसरी गाड़ी से भी भिड़ गया। हादसे के समय उसने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। घटना स्थल पर ही उसके सिर से काफी खून बह चुका था।
एक माह पहले हुई थी शादी
मृतक के छोटे भाई मोनू ने बताया कि सोनू की शादी पिछले माह 27 अप्रैल को मिर्जापुर जिले के बिसौराखुर्द गांव में हुई थी। शादी में मिली नई बाइक से ही वह बहन के घर गया था और लौटते समय हादसे का शिकार हो गया। उसने कहा कि शादी की खुशियां अभी खत्म भी नहीं हुई थीं कि यह दुखद घटना हो गई।
हादसे के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्चरी में भिजवाया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। बड़ागांव थानाध्यक्ष अतुल सिंह ने बताया कि हादसे में युवक की मौत हुई है, परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।