वाराणसी में एक युवक की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। युवक मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकला था। घरवाले खेत में गेहूं की कटाई के लिए जाने को उसका इंतजार कर रहे थे। इसी बीच बेटे की मौत की सूचना मिली तो परिवार में कोहराम मच गया।
वाराणसी जिले के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के मिल्कीपुर गांव के पास कपसेठी मार्ग पर शनिवार की भोर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। युवक मॉर्निंग वॉक के लिए निकला था।
विज्ञापन
यह है पूरा मामला
पूरे बरियार थाना कपसेठी निवासी रोशन पटेल (22) सुबह सड़क पर टहलने के लिए निकला था। इसी दौरान अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। टहलने निकले ग्रामीणों ने युवक को खून से लथपथ देखा तो पुलिस को सूचना दी।
राहगीरों की माने तो रोशन पटेल रोज की तरह शनिवार की भोर में मॉर्निंग वॉक के लिए निकला था। वह पुलिस भर्ती के लिए तैयारी भी कर रहा था। इस वजह से वह रोजाना सुबह घर से कपसेठी मार्ग पर दौड़ लगाता था। घटना की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी।
विज्ञापन
मृतक के पिता केवला पटेल ने अज्ञात वाहन के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। उनका कहना था कि बेटे को दौड़ लगाने के बाद गेहूं की कटाई के लिए खेत में जाना था। परिजन खेत में जाने के लिए बेटे का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान बेटे की मौत की सूचना मिली।