घाट की सीढ़ियों से उतरते समय लड़खड़ा कर गिरा युवक
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी में गंगा घाटों पर सुबह की सैर के लिए पहुंचे एक अज्ञात युवक की मौत हो गई। भेलूपुर थाना क्षेत्र के मां आनंदमयी घाट की सीढ़ियों से उतरते समय युवक लड़खड़ा कर गिरा और लहूलुहान हो गया। घाट पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी लेकिन घंटे भर तक भेलूपुर थाने की पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। घायल युवक ने इलाज के अभाव में दम तोड़ दिया। सीढ़ियों से गिरने के कारण युवक के मुंह से अत्यधिक खून बहने से मौत हो गई।
सुबह टहलने आने वाले कुछ खिलाड़ी सहित अन्य लोग आनंदमयी घाट पर व्यायाम कर रहे थे। 40 वर्षीय एक युवक घाट की सीढ़ियों से ऊपर से नीचे प्लेटफॉर्म की ओर उतर रहा था। इसी बीच उसके कदम लड़खड़ाए और वह गिर पड़ा। मुंह और चेहरे पर गंभीर चोट से अधिक रक्तस्राव होने से युवक अचेत हो गया।
इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने भेलूपुर पुलिस को दी। हालांकि सूचना देने के बाद भी घंटे भर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।भेलूपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के लोगों के अनुसार युवक घाट पर ही रहता था और मजदूरी करता था।