पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के हवाई सर्वे के बाद शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अफसरों को इसका निर्माण हर हाल में 24 माह में पूरा कराने की हिदायत दी। किसुनदासपुर गांव में समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को कार्यदायी संस्था का पूरा सहयोग करने व रास्ते में जो भी बाधा हो उसका निस्तारण करने के बिंदुवार तरीके बताए।
सीएम ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह एक्सप्रेस-वे पूर्वांचल के विकास की रीढ़ बनेगा। इसके दोनों ओर औद्योगिक गलियारा विकसित किया जाएगा। जिससे रोजगार के अवसर मिलेंगे। सीएम ने कहा एक्सप्रेस-वे का निर्माण समय सीमा के अंदर पूरा करें।
अगर कहीं मिट्टी की परेशानी है वहां के तालाब और पोखरों से मिट्टी की खुदाई कराएं। इसके बाद भी जरूरत हो तो किसानों की जमीन से मिट्टी लें लेकिन मिट्टी निकालने से पहले प्रशासन की इजाजत जरूर लें। बारिश से पूर्व 15 जून तक अर्थवर्क का कार्य पूरा कर लें। किसानों से जुड़े मुद्दे समयबद्ध और बातचीत से सुलझाएं।
कहीं कानून व्यवस्था की समस्या हो या कोई गुंडा टैक्स आदि के लिए कांट्रैक्टर को परेशान करे तो कड़ाई से निपटें। रास्ते के बिजली के तार और खंभे तेजी से हटवाएं और अगर रास्ते में कहीं विद्यालय भवन आ रहा हो तो दूसरी जगह भवन बनवा कर स्कूल शिफ्ट करें, कहीं मंदिर बाधक हो तो दूसरी जगह निर्मित कर विधि-विधान से स्थापित कराया जाए।
जिला प्रशासन को निर्देशित किया कि पेड़ों की कटाई के लिए वन विभाग से परमीशन दिलाएं। पुलिस और जिला प्रशासन कार्यदायी संस्था के साथ समन्वय स्थापित कर समस्याओं का निस्तारण कराएं।