इस वर्ष की समाप्ति में अब महज एक दिन शेष है। यह वर्ष काशीवासियों के लिए सौगातों वाला वर्ष रहा है। हालांकि कुछ परियोजनाएं ऐसी भी हैं जिन्हें पूरा तो इसी साल होना था, लेकिन अब उनकी सौगात अगले वर्ष मिलेगी। इस वर्ष जाम से निजात के लिए जहां फुलवरिया फोरलेन की सौगात मिली, वहीं पांच फोरलेन सड़कें सिर्फ झटका ही देती रहीं। पीडब्ल्यूडी की लापरवाही के कारण इन सड़कों का निर्माण अभी पूरा नहीं हो पाया। ऐसे ही सेतु निगम की लापरवाही से कज्जाकपुरा फ्लाइओवर भी अधर में है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस वर्ष चार बार काशी आए। पहली बार मार्च में उन्होंने देश के पहले पब्लिक ट्रांसपोर्ट रोपवे की आधारशिला रखी। इसके बाद जुलाई में वाराणसी-सुल्तानपुर (एनएच 56), सीपेट इंस्टीट्यूट जैसी बड़ी योजनाओं की सौगात दी। सितंबर में उन्होंने गंजारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, अटल आवासीय विद्यालय, दशाश्वमेध प्लाजा जैसी परियोजनाओं को काशी वासियों को सौंपा। दिसंबर में उन्होंने फुलवरिया फोरलेन, वंदे भारत और स्वर्वेद मंदिर की सौगात दी।
साल 2023 में कुछ परियोजनाओं को पूरा होना था जो कार्यदायी संस्था, संबंधित विभाग और विभागों के आपसी समन्वय न होने के कारण पूरी नहीं हो पाईं। हालांकि साल 2024 भी काशीवासियों के लिए खुशियों भरा रहेगा। आने वाले साल में भी काशी को अपने सांसद के हाथों उपहार स्वरूप कई योजनाएं मिलेंगी।