धार्मिक थीम पर होगा स्टेडियम
गंजारी में बनने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की थीम धार्मिक होगी। यह देश का पहला स्टेडियम होगा, जिसके भवन व डिजाइन में भगवान भोले शंकर और उनकी नगरी काशी की झलक देखने को मिलेगी। स्टेडियम दर्शनीय व आधुनिक सुविधा -संसाधनों से लैस होगा।
शहर से होगी बेहतर कनेक्टविटी
गंजारी में बनने वाले क्रिकेट स्टेडियम तक पहुंचने के मार्गों को भी विश्वस्तरीय बनाया जाएगा। चांदपुर चौराहे से अकेलवा तक निर्माणाधीन फोरलेन के समानांतर फ्लाईओवर की योजना बनाई जा रही है। करीब आठ किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर पर 1300 करोड रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके लिए लोक निर्माण विभाग और सेतु निगम सर्वे कर रहा है। इसके बन जाने से मोहनसराय लहरतारा सिक्सलेन से स्टेडियम तक पहुंचा जा सकेगा।
डे-नाइट मैच होंगे, विकसित होगा पूरा क्षेत्र
गंजारी में प्रस्तावित स्टेडियम को विश्वस्तरीय बनाने के साथ ही आसपास के क्षेत्र को भी विकसित करने की योजना पर काम शुरू किया जाएगा। स्टेडियम के आसपास समग्र विकास की रुपरेखा तय करने के लिए विकास प्राधिकरण को जिम्मेदारी मिल सकती है। फिलहाल, स्टेडियम को डे-नाइट मैच के लिए तैयार किया जाएगा। यहां चार ड्रेसिंग रूम व तीन प्रैक्टिस ग्राउंड बनाए जाएंगे। बारिश के पानी को निकालने के लिए खास आधुनिक सिस्टम और खास एलईडी लाइटें भी लगाई जानी हैं।