घाट पर पूजन दौरान व्रती महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
300 रुपये दउरा और अनार बिका 200 रुपये किलो
छठ पूजा के लिए महिलाओं ने जमकर खरीदारी की। उन्होंने पूजन के लिए एक-एक सामग्री खरीदी। इस बार पूजन सामग्रियों पर महंगाई की मार दिखी। 300 रुपये पीस दउरा बिका तो 200 रुपये किलो अनार। फल से लेकर अन्य पूजन सामग्रियों में 10 से 20 रुपये की तेजी रही। छठ पूजा के अनुष्ठान मंगलवार से शुरू हो गए।
बुधवार को खरना के बाद सात नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य की पूजा होगी। इसे लेकर खासकर महिलाएं पूजन की हर एक सामग्री को जुटाने में लगी रहीं। मंगलवार को बाजार में सुबह से ही खरीदारी के लिए बाजारों में भीड़ दिखी। फल से लेकर अन्य पूजन सामग्री खरीदीं। दउरा, खांचा, डलिया, फलों में सेब, अनार, शरीफा, अमरूद काफी महंगा था। दुकानदार नंदलाल गुप्ता और अमित सोनकर ने बताया कि सभी पूजन सामग्री महंगे हैं। फलों में 20 रुपये तक महंगा हुआ है। जबकि अन्य पूजन सामग्री में भी पांच से 20 रुपये तक तेजी है।
सपा ने सौंपा ज्ञापन
सपा नेता विष्णु शर्मा के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने अपर नगर आयुक्त दुष्यंत कुमार मौर्य को ज्ञापन दिया। घाटों पर चेंजिंग रूम की संख्या बढ़ाने, प्रकाश व्यवस्था, अस्थायी शौचालय बनाने की भी मांग की गई।
छठ पूजन के पूर्व सूप और दउरा की खरीदारी करतीं महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
आज रात 9:36 बजे लगेगी सूर्य षष्ठी, शुरू होगा 36 घंटे का व्रत
ज्योतिषाचार्य ऋषि द्विवेदी ने बताया कि कार्तिक षष्ठी तिथि छह नवंबर को रात 9:37 बजे लग रही है और सात नवंबर को 9:02 बजे तक रहेगी। जबकि सात नवंबर को सूर्यास्त शाम 5:28 बजे होगा। इसी दिन अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य होगा। वहीं, आठ नवंबर को सुबह 6:32 बजे सूर्योदय होगा। अरुणोदय काल में छठ का दूसरा अर्घ्यदान के बाद व्रत का पारण होगा।