विश्व फिजियोथेरेपी दिवस पर जाने माने गायक कैलाश खेर ने बीएचयू के फिजियोथेरेपिस्ट को शुभकामनाएं दी। एक मिनट के अपने वीडियो संदेश में कैलाश खेर ने कहा कि तंदरुस्ती गर न हो तो सब माल वो जर बेकार है। बीएचयू एक ऐसा विश्वविद्यालय है, एक ऐसा परिसर है, जहां जन जागरण और समाज उत्थान की दिशा में भी अच्छा काम होता है। इसी क्रम में आज की होनी वाली आयोजन को शुभकामनाएं देता हूं। इसी तरह चिकित्सा के माध्यम से लोगों का भला करते रहें, यही कामना करता हूं।
बीएचयू अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर सभागार में विश्व फिजियोथेरेपी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में वीडियो क्लिप को चलाया गया। इस अवसर पर आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो. बीआर मित्तल ने कहा कि बीएचयू में चल रहे बैचलर ऑफ फिजियोथेरेपी और ऑक्यूपेशनल थेरेपी के कोर्स का विस्तार किया जाएगा।
इससे जहां विद्यार्थियों को इस कोर्स से जुड़ी नई नई जानकारियां हासिल होंगी वहीं इस क्षेत्र में कॅरियर की राह भी आसान होगी। प्रवेश परीक्षा के माध्यम से ही आने वाले दिनों में प्रवेश लिया जाएगा। डॉ. एसएस पांडेय के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में प्रो. मित्तल ने इस कोर्स में अध्ययनरत छात्रों और पाठ्यक्रमों की प्रशंसा की।