भदऊचुंगी निवासी ओशिका के पिता मनीष पांडेय कांग्रेसी नेता हैं। उनके परिवार के लोग भदऊचुंगी तिराहे के पास पेट्रोल पंप चलाते हैं। बच्ची के मौत की खबर फैलने के बाद भदऊचुंगी स्थित उनके निवास पर कांग्रेस और भाजपा के नेताओं के साथ दर्जनों शुभचिंतकों की भीड़ जुट गई थी। मनीष की पत्नी गार्गी अपनी 12 वर्षीया बेटी ओशिका के साथ शाम को प्रह्लाद घाट के बगल में स्थित रानी घाट गई थी।
गंगा स्नान के दौरान ओशिका का हाथ छूट गया और वह गहरे पानी में चली गई। मां गार्गी ने बेटी को डूबता देख पानी में आगे बढ़ी, लेकिन वह भी डूबने लगी। घाट पर मौजूद नाविकों ने पानी में छलांग लगा कर गार्गी को तो बचा लिया, लेकिन ओशिका डूब गई। ओशिका कक्षा आठ की छात्रा थी। बच्ची की मौत से पूरे परिवार में कोहराम मचा है।