घायलों को अस्पताल ले जाती स्वास्थ्य विभाग की टीम।
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के ग्रामीण क्षेत्र में शुक्रवार को जंगली सुअर ने कहर बरपाया। चोलापुर के हाजीपुर और गड़सरा गांव में पहुंचकर लोगों पर सुअर ने हमला बोल दिया। देखते ही देखते सुअर के हमले में दस लोग घायल हो गए। सूचना पर पुलिस, स्वास्थ्य और वन विभाग की टीम पहुंच गई। आनन फानन घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
हाजीपुर और गड़सरा गांव में सुअर के डर से काफी समय से लोग भयभीत हैं। शुक्रवार को जैसे ही सुअर जंगल की ओर से गांव पहुंचा कि अधिकांश घरों के दरवाजे बंद हो गए। इसी बीच कुछ लोगों को जंगली सुअर ने दौड़ा लिया। जंगली सुअर ने हमला कर गांव के 10 लोगों को घायल कर दिया।
घायलों में डब्ल्यू (45), सूबेदार (50), राधिका (30), नन्हकी देवी (60), राम खेड़ा (50), मोनू (20), जग्गू (40), बबलू सोनकर (30), गुड्डू सोनकर (32), नत्थू सोनकर (50) शामिल हैं। इसके अलावा कुछ और लोग भी भागते समय गिरकर चोटिल हुए हैं। कई लोगों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। जहां लोगों की स्थिति गंभीर है। वहीं कुछ घायलों को निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। लोगों ने जिलाधिकारी कंट्रोल रूम, पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी है।
मौके पर पुलिस फोर्स के साथ वन विभाग के लोग ग्रामीणों से पूछताछ कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन जंगली सुअर गांव में आकर हमला करते हैं। महिला और बच्चे सुअर के उत्पात से भयभीत हैं। लोग घरों से बाहर निकलना बंद कर दिए हैं।