महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में मंगलवार को बी लिब की परीक्षा के दौरान एक छात्र ने कमरे में कॉपी फाड़ दी। उड़ाका दल के सदस्यों द्वारा कॉपी उठाकर देखने से नाराज छात्र ने यह कदम उठाया। हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अभी छात्र के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई है।
सुबह की पाली में हुई परीक्षा में हर दिन की तरह उड़ाका दल की टीम जांच करने पहुंची। मुख्य परिसर में ही एक कमरे में परीक्षा देने वाले छात्र की कॉपी को देखने के लिए उड़ाका दल की टीम ने मांगा तो वह भड़क गया। गुस्से में आकर उसने टीम के सामने ही कॉपी फाड़ दी। छात्र की इस हरकत से हर कोई हैरान हो गया। छात्र का कहना था कि जब वह नकल नहीं कर रहा था तो उसकी जांच क्यों की गई। परीक्षा समाप्त होने के छात्र की फटी हुई कॉपी ही जमा कर दी गई। वहीं, मंगलवार की परीक्षा के दौरान पांच नकलची पकड़े गए। 10705 छात्रों में से 873 अनुपस्थित रहे। जनसंपर्क अधिकारी डॉ. नवरत्न सिंह ने बताया कि छात्र ने कॉपी फाड़ दी थी और उसकी कॉपी जमा करा दी गई है। अभी कार्रवाई नहीं हुई है।