इस बीच अचानक शाम को तेज हवा चलने के साथ ही बिजली चमकने लगी। शाम 7 बजे से लेकर रात 11 बजे तक कभी तेज तो कभी धीमी बारिश होती रही। रात के 10 बजे से तो इतनी तेज बारिश हुई कि शहर में गिरजाघर, अंधरापुल, भदऊ चुंगी, गुरुबाग, लक्सा, हुकुलगंज, ट्रॉमा सेंटर के गेट के बाहर, मंडुवाडीह सहित अन्य जगहों पर सड़क पर पानी भर गया। हालांकि बारिश के खत्म होने के बाद धीरे धीरे पानी निकलने लगा।
पिछले तीन दिन से बनारस में अब हर दिन 15 से 20 मिनट की हल्की बारिश हो रही है। शुक्रवार को दिन के आठ घंटे में सामान्य से 58 फीसदी कम सिर्फ 3.3 मिलीमीटर ही बारिश हुई। पूरे जिले में एक साथ न होकर अलग अलग समय में हुई।
रामनगर में बारिश के बीच निकली रथयात्रा।
- फोटो : अमर उजाला
26 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चली हवा
बारिश के बावजूद तापमान कम नहीं हुआ। शुक्रवार को बनारस का अधिकतम तापमान सामान्य के बराबर 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम पारा 27.6 डिग्री सेल्सियस तक आ गया। हवा अधिकतम 26 किमी प्रति घंटे की गति से चली। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बनारस में अगले 4 दिनों तक हल्की बारिश का अनुमान है। जून महीने के 27 दिनों में बनारस में सामान्य से 29 फीसदी कम 50.7 मिमी बारिश हुई। जबकि बारिश का सामान्य स्तर 71.1 मिमी है।
बारिश में कट गई बिजली, छाया अंधेरा, ट्रिपिंग का संकट
शुक्रवार को गरज-चमक संग बारिश में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था लड़खड़ा गई। इसमें कहीं एक घंटे तो कहीं दो घंटे तक बिजली कटी रही। इस कारण लोगों को अंधेरे में रहना पड़ा। साथ ही ट्रिपिंग की वजह से बिजली का आना जाना भी देर रात तक जारी रहा। रोहनिया विद्युत उपकेंद्र के यूनिवर्सिटी फीडर से दिन में 7 बजे से 12 बजे तक बिजली कटने के बाद शाम को भी 4 बजे से 6 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही।
जेई योगेंद्र यादव ने बताया कि बारिश के कारण फाॅल्ट की वजह से समस्या रही। चौबेपुर में भी गरथौली विद्युत उपकेंद्र से जुड़े गांवों गरथौली, गोलधमकवां कादीपुर कलां, पलकहां, छितमपुर आदि कई गांवों में बिजली की आवाजाही जारी रही। करौंदी उपकेंद्र के चंदन नगर इलाके में शुक्रवार की शाम 7 बजे बिजली कट गई जो कि दो घंटे बाद किसी तरह बहाल हुई।