काशी के घाटों पर छठ पूजा में त्रेता युग में मां सीता से जुड़ी परंपरा भी निभाई गई। फल भरा दउरा तो बांस का ही रहा, मगर सूप पीतल का हो गया। कहीं बूढ़ी हो चुकीं सासु मां अपने बहु को सूप सौंप देंगी। रविवार की शाम काशी के अस्सी सहित कई घाटों में छठ पूजने आईं व्रतियों का परंपराओं के साथ बड़ा खास जुड़ाव रहा। जिनकी मन्नतें पूरी हुईं उन्होंने कोसी भरी। इस परंपरा को कभी अयोध्या की सुख-समृद्धि के लिए मां सीता ने निभाया था।
36 घंटे के अलावा कई महिलाओं ने 24 घंटे का व्रत रखा। नहाय-खाय और खरना की जगह सिर्फ रविवार को षष्ठी पर व्रत रखा और डूबते सूरज को अर्घ्य देकर दिया। सुबह उगते सूरज को अर्घ्य देकर व्रत का पारण करेंगी। इसी तरह सोमवार को उदय होते सूर्य देव को अर्घ्य देने के बाद उम्रदराज हो चुकीं कई सास अपनी बहुओं को सूप देने की परंपरा भी निभाएंगी। सूप देने का अर्थ ये होगा कि सास की शक्ति अब साथ नहीं दे रही है तो वे अपना सूप बहू या किसी जिम्मेदार को सौंप देती हैं।
इस परंपरा को सूर्य भगवान को समझाना भी कहते हैं। घाटों पर जजमानी प्रथा की भी झलक देखने को मिली। पूजा करने आईं व्रती स्वाति ने बताया कि डोम भईया के यहां से ही सूप आया। प्रजापति के यहां से मिट्टी के सामान आए। कई व्रतियों ने गंगा किनारे देर रात मिट्टी के चूल्हे भी बनाए। अब वे सोमवार को बिना कहीं रास्ते में रुके सीधे घर पर इसे रखेंगे।