एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक
स्व-गणना की प्रक्रिया 30 नवंबर को समाप्त होगी। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना करेंगे। इस दौरान परिवार के सदस्यों से जुड़े निर्धारित 40 बिंदुओं पर जानकारी जुटाई जाएगी। प्रशासन ने प्रगणकों और सुपरवाइजरों को पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं।
इन जानकारियों के देने होंगे जवाब
नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने बताया कि नागरिकों को परिवार के प्रत्येक सदस्य का नाम, मुखिया से संबंध, लिंग, जन्मतिथि, वैवाहिक स्थिति, राष्ट्रीयता, धर्म, जाति, माता-पिता का विवरण, मातृभाषा, अन्य भाषाओं का ज्ञान, दिव्यांगता, साक्षरता, डिजिटल साक्षरता और शैक्षणिक योग्यता जैसी जानकारियां तैयार रखनी होंगी।
इसके अलावा रोजगार और व्यवसाय, कार्यस्थल, जन्मस्थान, पूर्व और स्थायी निवास, विवाहित महिलाओं के बच्चों से जुड़ी जानकारी, कोविड-19 टीकाकरण का स्थान, बैंक खातों की संख्या और मोबाइल नंबर समेत अन्य जानकारियां भी मांगी जाएंगी। प्रश्नावली में आधार, वोटर आईडी, पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता से जुड़े सवाल भी शामिल हैं।
नगर आयुक्त ने काशीवासियों से स्व-गणना में भाग लेने और आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की, ताकि अधिक से अधिक परिवार इस अभियान से जुड़ सकें।
इस दौरान अपर नगर आयुक्त बरखा सिंह, जोनल अधिकारी मृत्युंजय नारायण मिश्र समेत नगर निगम के कई अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।