कोरोना काल में बंद चल रहे स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राओं के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से दूरदर्शन और स्वयं प्रभा चैनल की ओर से 24 से 28 अगस्त तक के ऑनलाइन क्लास का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। इसमें सप्ताह में सोमवार से शुक्रवार तक 9 से 12वीं तक की क्लास चलेगी जबकि शनिवार को छात्र-छात्रा शिक्षकों से विषयों के बारे में अन्य जानकारी हासिल कर सकते हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से प्रधानाचार्यों को इसका पत्र भेजकर नियमित मॉनिटरिंग करते रहने को कहा गया है। माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से इसे वर्चुअल क्लास नाम दिया गया है।
कक्षा 9-11 के छात्र-छात्राओं की क्लास स्वयंप्रभा चैनल पर जबकि यूपी बोर्ड के 10 और 12वीं के छात्र-छात्राओं की क्लास दूरदर्शन उत्तर प्रदेश द्वारा प्रसारित कार्यक्रम के माध्यम से चलेगी। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. विजयप्रकाश सिंह ने बताया कि जो छात्र दूरदर्शन पर कार्यक्रम नहीं देख पाएंगे उनके लिए यूट्यूब के माध्यम से भी माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा पूरा कार्यक्रम उपलब्ध कराया जाएगा। जो कि माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर भी रहेगा।