मिर्जापुर के मंडलीय अस्पताल में तैनात डॉक्टर जेपी त्रिपाठी के भटौली गंगा नदी के किनारे से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने की खबर से वाराणसी के लहरतारा स्थित परिवार में पत्नी समेत अन्य सदस्य बहुत चिंतित है। देर रात तक इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। पुलिस अभी भी उनकी तलाश कर रही है।
डॉ त्रिपाठी की पत्नी और रेलवे मंडलीय अस्पताल लहरतारा में एडिशनल सीएमएस डॉक्टर सुनंदा के अनुसार, वह पिछले कुछ दिनों से तनाव में थे। बातचीत में डॉ. सुनंदा ने बताया कि बस्ती से सीएमओ पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद डॉ त्रिपाठी ने कोरोना संक्रमण को देखते हुए घर के नजदीक ही अपनी तैनाती कराने का प्रार्थना पत्र दिया था, जिसमें उन्हें मिर्जापुर में तैनाती मिली।
पिछले कुछ दिनों से वह केवल कोविड ड्यूटी को लेकर ही चर्चा कर रहे थे। उन्होंने बताया कि ड्राइवर से मिली जानकारी के अनुसार उन्होंने कुछ दिन पहले ही मिर्जापुर में एक अन्य डॉक्टर के साथ रहने की व्यवस्था भी बना ली थी और इसके लिए जरूरी सामान भी खरीद लिया था। पुलिस को भी जानकारी दी गई है, लेकिन अब तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।