दीपावली के उपलक्ष्य में सिगरा स्थित शहीद उद्यान में विकास दीपोत्सव मेले का बृहस्पतिवार को भव्य आगाज हुआ। मेले में सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के अलावा हस्तनिर्मित उत्पाद लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। सात दिवसीय मेले का उद्घाटन राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल और वाराणसी की महापौर मृदुला जायसवाल ने किया।
28 अक्तूबर से तीन नवंबर तक मेले में विभिन्न योजनाओं और विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं। मेला प्रतिदिन दोपहर 12 से रात नौ बजे तक चलेगा। मेले में मुख्य रूप से बाल पुष्टाहार, सेवायोजन, दिव्यांग कल्याण, आयुष्मान कार्ड, समाज कल्याण, राशन कार्ड और कोविड हेल्प डेस्क समेत 112 स्टॉल लगाए गए हैं। 40 स्टॉल पटरी दुकानदारों के और एमएसएमई, एनयूएलएम के लिए 12 स्टॉल लगाए गए हैं। बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के झूले लगे हैं। खानपान के लिए 46 स्टॉल लगाए गए हैं। उक्त के अतिरिक्त शासकीय स्टॉल लगाए जा रहे हैं। मेले में प्रतिदिन शाम छह बजे से 7:30 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नगर आयुक्त प्रणय सिंह के मुताबिक सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए दो हजार वर्ग मीटर में 500 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
सात ये होंगे कार्यक्रम
29 अक्तूबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम में भजन गायन होगा।
30 अक्तूबर को स्टैंडअप कॉमेडी, मुशायरा, कवि सम्मेलन।
31 अक्तूबर को मैजिक शो
1 नवंबर को बैंड शो
2 नवंबर को नुक्कड़ नाटक, स्वच्छता और प्लास्टिकमुक्त काशी और गायन होगा।
3 नवंबर को डांडिया, गरबा नृत्य का आयोजन किया जाएगा।