तीसरे तल का अवैध निर्माण वीडीए ने कराया ध्वस्त
वीडीए की ओर से बुधवार को अवैध निर्माण पर कार्रवाई की गई। जोनल अधिकारी शिवाजी मिश्रा की ओर से सिकरौल वार्ड में तीसरे तल का अवैध निर्माण ध्वस्त कराया गया। लल्लूराम ने 383 वर्गमीटर क्षेत्रफल में दो तल का शमन मानचित्र स्वीकृत कराया था। इसके विपरीत तीसरे तल का अनधिकृत रूप से निर्माण करवा रहे थे। जिस पर वीडीए ने कार्रवाई की।
प्रमाणपत्र के लिए वीडीए उपाध्यक्ष ने किया निरीक्षण
वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने तीन आराजी नंबर पर बने ग्रुप हाउसिंग सूरज पैराडाइज के कंप्लीशन सर्टिफिकेट के लिए पिंडरा के धनेसरी का निरीक्षण किया। बेसमेंट, ग्राउंड के अलावा छह तल के हाउसिंग में 65 फ्लैट हैं। वीडीए उपाध्यक्ष ने बेसमेंट में डबल स्टैक पार्किंग, एसटीपी, भूतल पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, छठवें तल पर सोलर सिस्टम को देखा। इस दौरान, नगर नियोजक प्रभात कुमार, सहायक नगर नियोजक सौरव जोशी, जोनल अधिकारी शिवाजी मिश्रा और अवर अभियंता रोहित कुमार मौजूद रहे।