वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ धाम के निर्माण में मकराना पत्थरों का इस्तेमाल किया जाएगा। पत्थरों पर नक्काशी के लिए नगवां में वर्कशॉप खोली गई है। वहीं, धाम क्षेत्र में आम लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है। सुरक्षा के लिहाज से बिना आज्ञा किसी को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है।
काशी विश्वनाथ धाम के निर्माण के लिए 18 महीने की समय सीमा निर्धारित की गई है। इसे देखते हुए पहले चरण का काम तेज हो गया है। तीन शिफ्टों में काम के लिए 150 मजदूर लगाए गए हैं। दिन रात काम कर तीन माह में नींव, चौक व प्रांगण के काम को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। निर्माण सामग्री पहुंचाने के लिए गेट नंबर चार से रास्ता तैयार किया गया है। वहीं, ललिता घाट पर जेटिंग मशीन से ड्रेजिंग का काम शुरू हो गया है। धाम क्षेत्र में ध्वस्त किए गए मकानों के हिस्से की लेवलिंग की जा रही है।