Varanasi News: वाराणसी में ठंड फिर लौट आई है। बर्फबारी वाले पहाड़ी क्षेत्रों से आ रही ठंडी हवाओं ने 48 घंटे में तापमान को गिरा दिया है। वहीं फरवरी की शुरुआत बारिश के साथ होने की संभावना जताई जा रही है।
बनारस में 10 दिनों के बाद ठंड वापस लौट आई। दो और तीन फरवरी को बारिश का अलर्ट भी है। शनिवार की सुबह गलन भरी ठंड और घने कोहरे के साथ हुई। कोहरे के चलते घाटों और सड़कों पर विजिबिलिटी बहुत कम रही। वहीं बादल छाए रहने से गिन चढ़ने के बाद भी धूप नहीं निकली। ऐसे में लोगों ने सिहरन महसूस किया।
विज्ञापन
वहीं यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार 31 जनवरी यानी आज तापमान में गिरावट के साथ कोहरे में वृद्धि की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के बाद बर्फबारी वाले पहाड़ी क्षेत्रों से आ रही ठंडी और सूखी उत्तरी-पश्चिमी हवाओं ने 48 घंटे में तापमान को गिरा दिया है।
ऐसा रहा शुक्रवार का मौसम
उधर, शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री नीचे 19.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री ज्यादा 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बृहस्पतिवार के मुकाबले तापमान तीन डिग्री नीचे रहा। दिन में 20 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से भी तेज पछुआ चली तो काशीवासियों को फिर से ठिठुरन का अहसास हुआ। दिन में बादल भी छाए रहे। दोपहर बाद चुभने वाली धूप निकल गई।