तीखी धूप और गर्म हवाओं से काशीवासियों को थोड़ी निजात मिली है। बीते डेढ़ महीने से 38 से 44 डिग्री सेल्सियस तापमान बने रहने के बाद 52 दिनों बाद मंगलवार को अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले बीते 15 मार्च को अधिकतम तापमान 34.4 रिकॉर्ड किया गया था।
मंगलवार यानी सात मई का अधिकतम तापमान चार साल बाद सबसे कम रहा। इससे पहले 2020 में अधिकतम तापमान सात मई को 34.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। उधर, मौसम विभाग ने वाराणसी और आसपास के जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इसमें 12 मई तक आंधी के साथ ही बारिश के भी आसार हैं।