1- राजघाट पुल से कूदी महिला रेलवे ब्रिज पर गिरी, मौत
जिले के आदमपुर थाना क्षेत्र के मालवीय पुल से गुरुवार को 40 वर्षीय महिला रेलिंग पर चढ़ कर पानी में कूदी, लेकिन वह रेलवे ब्रिज पर गिरकर फंस गई। जिससे उसकी मौत हो गई।सूचना पाकर जीआरपी और आदमपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फंसी महिला के शव को कब्जे में ले लिया।
काशी जीआरपी प्रभारी दिवाकर पांडेय ने बताया कि 12:20 बजे महिला के पुल से कूदने की सूचना मिली थी। महिला राजघाट पुल पर पहुंच कर पुल से छलांग लगा दी थी। गंगा में न गिरकर वह रेलवे ब्रिज पर गिरी। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस द्वारा रेलवे ब्रिज से शव को निकलवा कर कब्जे में लिया गया। खबर लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। जीआरपी महिला के पहचान का प्रयास कर रही है।
2- प्रभारी मंत्री ने दीनदयाल अस्पताल का किया निरीक्षण, मिली खामियां; कार्रवाई का दिया निर्देश
प्रदेश के पर्यटन मंत्री व जनपद प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने गुरुवार को दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जिलाधिकारी एस. राजलिंगम, सीडीओ हिमांशु नागपाल व सीएमओ कार्यालय के अधिकारी भी मौजूद रहे। हालांकि मंत्री के निरीक्षण की जानकारी अस्पताल प्रशासन को पहले ही हो गई थी, जिससे अस्पताल की व्यवस्था चाक-चौबंद करने के सारे प्रयास किए गए थे।
मंत्री जयवीर सिंह के निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई खामियां सामने आईं। वह सीधे अस्पताल के स्टोर में निरीक्षण के लिए गए, लेकिन यहां दवा, रजिस्टर के अनुसार नहीं मिली। स्टोर रजिस्टर में स्टॉक में दर्ज दवाओं व मौजूद दवाओं का मिलान करने पर मिलान नहीं हो सका। मौजूद दवा पर एमआरपी लिखी हुई थी और उस पर सरकारी आपूर्ति की मुहर भी नहीं लगी थी, जिसपर मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने दवा को लेकर इसकी जांच जिलाधिकारी से कराने की बात कही।
अस्पताल के निरीक्षण के बाद पर्यटन मंत्री व जनपद प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह कैंट थाने पर पहुंचे। यहां उन्हें सलामी दी गई। उसके बाद उहोंने रजिस्टर सहित तमाम दस्तावेजों को भी देखा। साथ ही साफ- सफाई की व्यवस्था का भी अवलोकन किया।
शिलान्यास कार्यक्रम में मंत्री अनिल राजभर
- फोटो : अमर उजाला
3- मंत्री अनिल राजभर ने किया 29 कार्यों का शिलान्यास
विधानसभा शिवपुर में सलारपुर स्थित एक लॉन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) द्वारा संचालित मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना के अंतर्गत स्वीकृत 29 कार्यों का शिलान्यास कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर के हाथों किया गया।
4- लोलार्क कुंड में स्नान परंपरा को लेकर अधिकारियों ने किया निरीक्षण
लक्खा मेले में शुमार लोलार्क कुंड में संतान प्राप्ति के लिए स्नान की परंपरा है। आगामी 8 सितंबर को भदैनी स्थित लोलार्क कुंड में लाखों की संख्या में श्रद्धालु संतान प्राप्ति के लिए स्नान दान करेंगे। इसी क्रम में अस्सी स्थित एक होटल में आम जनमानस और पुलिस की बैठक की गई। बैठक में काशी जोन के डीसीपी गौरव बंसवाल, एडीसीपी नीतू कात्यायन, एसीपी भेलूपुर धनंजय मिश्रा, इंस्पेक्टर भेलूपुर विजय कुमार शुक्ला, चौकी प्रभारी अस्सी राहुल मौर्या सहित जल पुलिस प्रभारी मिथिलेश कुमार वीडीए और नगर निगम के साथ मंदिर के पुरोहित सहित आम जनमानस शामिल रहे।
बैठक के बाद डीसीपी काशी ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
5- ट्रस्ट की ओर से महिलाओं में किया गया साड़ी वितरण
स्व. कलावती देवी रघुनाथ प्रसाद अग्रहरी चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से शिक्षक दिवस व हरतालिका तीज के अवसर पर वाराणसी व्यापार मंडल काशी प्रांत के अध्यक्ष प्रमोद अग्रहरी के हुकूलगंज स्थित आवास पर विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं को साड़ी वितरित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. अशोक राय व आरके चौधरी के हाथों साड़ी व अन्य सामग्री का वितरण महिलाओं में किया गया।
डॉक्टर राय चौधरी ने कहा कि आज गरीबों व असहायों की सेवा के लिए व्यापारी नेता प्रमोद अग्रहरी जिस तरीके से अपने माता- पिता के नाम पर समाज के अंतिम पायदान पर बैठे लोगों की सेवा के लिए तत्पर हैं, जो अत्यंत सराहनीय है। संस्था के अध्यक्ष प्रमोद अग्रहरी ने कहा कि आज के युग में असहयों की सेवा करना बड़ा ही महान कार्य है।
6- संदिग्ध परिस्थितियों में अधेड़ की मौत
कपसेठी थाना क्षेत्र के मधुमखिया गांव निवासी महेंद्र कुमार गौतम (45) पुत्र राम दुलार गौतम की गुरुवार को सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक महेंद्र कुमार गौतम विगत कई दिनों से बीमार चल रहा था। गुरुवार की सुबह उसकी मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया परिजनों का कहना है की विगत कई दिनों से बीमार चल रहा था बीमारी से मौत हो गई है।
7- 75 दिवसीय वार्ड प्रवास कार्यक्रम का 63वां दिवस, शामिल हुए मंत्री और सांसद
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर पूर्व मंत्री एवं वाराणसी शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के 75 दिवसीय प्रवास कार्यक्रम का गुरुवार को 63 दिन पूरे हो गए। दक्षिणी विधानसभा के काशी विश्वनाथ मंडल के दशाश्वमेध वार्ड में गुरुवार को विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने प्रवास किया। प्रवास कार्यक्रम में विधायक संग उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति तथा जनपद वाराणसी के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह एवं राज्यसभा सांसद नीरज शेखर विशेष रूप से सम्मिलित हुए। प्रवास के दौरान सभी ने दशाश्वमेध क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के दौरान कई जगह कूड़े का निस्तारण कराया और मौके पर उपस्थित नगर निगम कर्मचारियों को कहा कि क्षेत्र के किसी भी कोने में कूड़ा इकट्ठा नहीं होना चाहिए। साथ ही स्थानीय नागरिकों से स्वच्छता बरकरार रखने के लिए सहयोग की अपील की।
7- लोलार्क कुंड का डीसीपी काशी सहित अधिकारियों ने किया निरीक्षण
हर वर्ष की भांति इस साल भी भदैनी स्थित लोलार्क कुंड में स्नान के लिए नौ सितंबर को लाखों श्रद्धालओं की भीड़ उमड़ेगी। इसी क्रम में गुरुवार को डीसीपी काशी जोन ने अस्सी स्थित एक होटल में स्थानीय लोगों के साथ बैठक की। इस दौरान तैयारियों की समीक्षा की गई। इसके बाद उन्होंने पूरे मेला क्षेत्र का भ्रमण कर निरीक्षण किया।
डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने बताया कि इस बार कुंड में स्नान के लिए लाखों लोगों की भीड़ आने की संभावना है। इसे देखते हुए मेला क्षेत्र को दो सेक्टर में बांटा जायेगा, जिसमें जल पुलिस, आरपीएफ और इंटेलिजेंस टीम और स्थानीय पुलिस तैनात रहेगी। उन्होंने बताया कि कुंड में एक रास्ते से प्रवेश दिया जाएगा और एक मार्ग वैकल्पिक होगा। अगर दर्शनार्थियों की संख्या बढ़ती है उससे प्रवेश कराया जाएगा।
बताया कि सैनिटाइजेशन की व्यवस्था को लेकर विशेष ध्यान दिया जाएगा कि कहीं भी किसी तरह की गंदगी ना हो लोगों का किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। वहीं मेडिकल की सुविधाओं को लेकर उन्होंने कहा कि एंबुलेंस और लोकल डॉक्टर यहां 24 घंटे उपल्ब्ध रहेंगे।
वहीं, बैठक में सामाजिक संगठन एवं मंदिर व्यवस्थापकों के साथ कई अहम बिंदुओं पर चर्चा की गई। इसमें नगर निगम को आदेश दिया गया हैं कि कुंड जाने वाले रास्ते का सीवर सफाई, रास्ते को सही करने का एवं जिन रास्तों से श्रद्धालु जाएंगे वहां मैट बिछाया जाएगा। कुंड में किसी को कपड़ा बदलने की अनुमति नहीं दी जायेगी। आसपास के गलियों को सिर्फ निकासी का ही आदेश दिया गया है।
8- बनारस स्टेशन के पास चल रही अवैध दुकानें और टैम्पो स्टैंड
बनारस स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में अवैध रूप से टैम्पो स्टैंड संचालन हो रहा है। टैम्पो ड्राइवर सर्कुलेटिंग एरिया में टैम्पो खड़े कर देते है।जिसके चलते यात्रियों को काफी परेशानी होती है। टैम्पो ड्राइवर अपना टैम्पो खड़ा करके प्लेटफार्म से लेकर फुट ओवर ब्रिज पर खड़े रहते हैं।
चालकों की संख्या इतनी ज्यादा होती है कि यात्री परेशान हो जाते हैं। स्टेशन पर अपनी बहन को लेने आए प्रदीप कुमार ने बताया कि प्लेटफार्म नम्बर एक पर ऑटो चालक यात्रियों से टिकट की मांग कर रहा था और यात्रियों को अर्दब में लेने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, यात्रियों की सूचना पर आरपीएफ के जवानों ने प्लेटफार्म से ड्राइवरों को खदेड़ दिया। जिससे ऑटो चालकों में अफरातफरी का माहौल हो गया था।
आरोप है कि स्टेशन के सामने रेलवे की जमीन पर कई दुकानें अवैध रूप से संचालित हो रही हैं, जिसकी शिकायत वरुण सिंह पूर्व पार्षद ने आरपीएफ कमांडेंट से की है। पूर्व पार्षद का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नही हुई। जल्द ही आरपीएफ के आइजी से मिलकर कार्रवाई की मांग करेंगे।
आरपीएफ कमांडेंट एस. रामकृष्णन ने बताया शिकायत के आधार पर अवैध रूप से चल रहे सर्कुलेटिंग एरिया में ऑटो स्टैंड और स्टेशन के सामने रेलवे की जमीन पर संचालित हो रही ठेले की दुकानों पर कार्रवाई की बात कही है।
9- दिल में छेद से पीड़ित बच्चे को सर्जरी के बाद मिला नया जीवन
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव अंतर्गत आरबीएस के की टीम को मई माह में सीतापुर आंगनबाड़ी हेल्थ स्क्रीनिंग के दौरान एक बच्चा शिवनन्दन S/O उदल (4) दिल में छेद से पीड़ित मिला, जिसकी जानकारी टीम नोडल डॉ. रितेश गुप्ता ने सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी आरबीएस के जिला नोडल डॉ. संजय राय एवं प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. शेर मोहम्मद को दी।
डॉ. रितेश गुप्ता ने शिव के पिताजी को बताया को बच्चे के
निशुल्क ऑपरेशन के लिये सत्य साईं हार्ट केयर सेंटर नवी मुंबई महाराष्ट्र में भेजा गया, जहां बच्चे का निःशुल्क ऑपरेशन किया गया। बच्चे के पिता ने फोन पर बताया कि बच्चा एकदम स्वस्थ है।
10- जमीन विवाद में चले लाठी-डंडे, धारदार हथियार से किया वार
मिर्जामुराद के खोचवां गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले और धारदार हथियार से वार किया गया। मारपीट के दौरान एक महिला के साथ अभद्रता भी की गई। घटना को लेकर मिर्जामुराद थाने में दो महिलाओं सहित 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
खोचवां गांव निवासी जयकेश सिंह के अनुसार दूसरा पक्ष लाठी-डंडे और धारदार हथियार से लैस होकर उनके घर में घुसा। सभी ने उन्हें और उनके भाई को जमकर मारापीटा। मिर्जामुराद थाने की पुलिस जयकेश सिंह की तहरीर पर दिनेश सिंह, हर्ष सिंह, जतिन सिंह, उज्ज्वल सिंह, निशांत सिंह, इंदेश सिंह, छकौड़ी सिंह, विशू सिंह, शशिकला सिंह और कुसुम सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
11- बाइक सवार बदमाशों ने युवक का मोबाइल छीना
चौबेपुर थाना के अजांव गांव निवासी नवीन चंद्र उपाध्याय बुधवार की रात अपनी बहन के घर राजवारी गांव से बाइक से पहड़िया जा रहे थे। बाइक सवार दो बदमाशों ने उनका पीछा कर शाहपुर गांव के समीप उनका आईफोन छीन लिया।
नवीन चंद्र ने स्वर्वेद महामंदिर धाम तक बदमाशों का पीछा किया लेकिन वह भागने में सफल रहे। घटना की शिकायत चौबेपुर थाने में की गई है। चौबेपुर थानाध्यक्ष जगदीश कुशवाहा ने बताया कि सर्विलांस की मदद से मोबाइल की लोकेशन पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
12- वंदेभारत पर पथराव के मामले में केस दर्ज
लखनऊ-पटना वंदेभारत ट्रेन पर बुधवार रात चौकाघाट-ढेलवरिया के पास शरारती तत्वों ने पथराव कर दिया था। जिससे सी-5 कोच के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। पथराव के मामले में रेलवे सुरक्षा बल, व्यासनगर में केस दर्ज किया गया है। आरपीएफ की टीम ने बृहस्पतिवार को मौका-मुआयना भी किया और आसपास रहने वालों से पूछताछ की।
दरअसल, गोमती नगर लखनऊ वाया अयोध्या होते हुए 22346 वंदेभारत एक्सप्रेस रात में कैंट स्टेशन पहुंची। निर्धारित समय तक ठहराव के बाद जैसे ही चौकाघाट ढेलवरिया के पास पहुंची कि अचानक पथराव हो गया था।
संपूर्णानंद विवि के छात्र 25 सितंबर तक कर सकेंगे आवेदन
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में शास्त्री और आचार्य के प्रथम सेमेस्टर में दाखिले के लिए प्रवेश तिथि आगे बढ़ाई गई है। छात्रकल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. हरिशंकर पांडेय ने बताया कि शास्त्री, आचार्य के प्रथम सेमेस्टर और संस्कृत प्रमाणपत्रीय प्रथम में प्रवेश के लिए छात्र 25 सितंबर तक आवेदन कर सकेंगे। महाविद्यालयों में दाखिले के लिए आवेदन की तारीख 14 सितंबर तक बढ़ाई गई थी।
13- शिक्षकों को किया गया सम्मानित
वसंत महिला महाविद्यालय राजघाट में शिक्षक दिवस पर शिक्षकों को सम्मानित किया गया। प्रबंधक एसएन दुबे ने शिक्षकों को रोज सीखने के लिए प्रेरित किया। अवकाश प्राप्त शिक्षिकाओं डॉ. शीला सिंह, डॉ. ऊषा वर्मा और प्रो. रीता शाह को सम्मानित किया गया। शोध कार्यों व उत्कृष्ट शोध पत्र प्रकाशन के लिए डॉ. ऋचा सिंह, डॉ अंजना सिंह, डॉ. श्वेता, डॉ. सौरभ सिंह, डॉ. लईक अहमद और डॉ. अरविंद जयसवाल, रिसर्च प्रोजेक्ट के लिए डॉ. राजीव जायसवाल, बृहस्पति भट्टाचार्य को सम्मानित किया गया। शुभारंभ प्राचार्या प्रो. अलका सिंह ने किया।
14- संस्कृत वाचन व संस्कृत गीत प्रतियोगिता के विजेता पुरस्कृत
संस्कृत सप्ताह और वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान की ओर से गुरुवार को श्रीपद्म वैद्यम् तीर्थ वेद विद्यालय में संस्कृत प्रतिभा खोज प्रतियोगिता हुई। मुख्य अतिथि विधायक सुनील पटेल ने कहा कि संस्कृत भाषा भारतीय संस्कृति की वाहिका है। संस्कृत भाषा में ज्ञान और विज्ञान समाहित है।
सुबह-ए-बनारस के उपाध्यक्ष प्रमोद मिश्र ने कहा कि संस्कृत भारत की आत्मा है। डॉ. गोपाल प्रसाद शर्मा ने कहा कि संस्कृत सभी भाषाओं की जननी है। संस्कृत वाचन, सामान्य ज्ञान एवं संस्कृत गीत प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। निर्णायक प्रो. भागवत शरण शुक्ल, डॉ. मधुसूदन मिश्र, डॉ. सरोज कुमार पाण्डेय, डॉ. अंजलि शर्मा शामिल रहीं। संयोजक एवं स्वागत डॉ. प्रेमनारायण त्रिपाठी ने किया।
15- बाहरी गाईड स्थानिय के समक्ष बने चुनौती
पर्यटन विभाग से संबंधित चार गाइड एसोसिएशन के पदाधिकारियों की सभा गुरुवार को कैंटोनमेंट स्थित अर्बन फूड कोर्ट में हुई। इसमें पर्यटकों की संख्या में गिरावट पर चिंता जताते हुए दिल्ली से पर्यटक के साथ एस्कॉर्ट में आ रहे गाइडों पर रोक लगाने की मांग पर्यटन विभाग से की।
बताया कि वजह से स्थानिय मान्यता प्राप्त गाईड को आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। गवर्नमेंट अप्रूव्ड टूरिस्ट गाइड एसोसिएशन के धर्मेंद्र तिवारी ने आरोप लगाया कि बाहरी गाईडों की वजह से लोकल गाइड की आजीविका पर संकट गहरा गया है। कहा कि विभागों और ट्रैवल एजेंसी को इस आशय का पत्र भेजा जाएगा। इस मौके पर जैनेंद्र राय, राजेश्वर सिंह, दया निधि तिवारी मौजूद रहे।
16- महिला अधिवक्ताओं ने मेहंदी रचाई, गीतों पर थिरकीं
जिला और सत्र न्यायालय की महिला अधिवक्ताओं ने तीज की पूर्व संध्या पर बृहस्पतिवार को तीज महोत्सव का आयोजन सेंट्रल बार एसोसिएशन सभागार में किया। महिला अधिवक्ताओं ने गीत-संगीत और नृत्य के साथ मेहंदी प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाई। तीज क्वीन पूनम यादव बनीं। मेहंदी में निशा तिवारी विजेता रहीं।
वरिष्ठ अधिवक्ता एडीजीसी क्रिमिनल अपर्णा पाठक ने विजेताओं को पुरस्कार किया। इस मौके पर सेंट्रल बार अध्यक्ष मुरलीधर सिंह, महामंत्री सुरेंद्र पांडेय, यामिनी शर्मा, रितु पटेल, तरुणा चतुर्वेदी, अनीता उपाध्याय, मंजरी,करुणा, वंदना श्रीवास्तव, वंदना सिंह आदि रहीं। संवाद
17- 201 महिलाओं में बांटी साड़ी
तीज के उपलक्ष्य में स्व. कलावती देवी और स्व. रघुनाथ प्रसाद अग्रहरि चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से बृहस्पतिवार को 201 जरूरतमंद महिलाओं को साड़ी दी गई। शहर के उद्यमी आरके चौधरी, डॉ. अशोक राय और संस्था के अध्यक्ष ने प्रमोद अग्रहरि ने महिलाओं में साड़ी बांटी। इस मौके पर बबलू अग्रहरि, शिव अग्रहरि आदि मौजूद रहे।
18- डॉ. भगवान दास शिक्षा रत्न से सम्मानित हुई 9 विभूतियां
शिक्षक समाज को पूर्ण बनाता है। छात्र आजीवन अपने शिक्षकों को नहीं भूलते। बच्चों को हमेशा शिक्षकों के प्रति कृतज्ञ रहना चाहिए। यह बातें राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने कहीं। वह शिक्षक दिवस पर गोपी राधा बालिका इंटर कॉलेज रवींद्रपुरी में समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। काशी की 9 विभूतियों को भारत रत्न डॉ. भगवान दास शिक्षा रत्न सम्मान दिया गया। यह सम्मान गोपी राधा एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा स्थापित भारत रत्न डॉ. भगवान दास चेयर की ओर से घोषित किया गया था।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के अध्यक्ष प्रो. नागेंद्र पांडेय, जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के संस्थापक कुलपति प्रो. योगेंद्र सिंह ने संबोधित किया। सम्मान समारोह में प्रो. एसएन संखवार, प्रो. योगेंद्र सिंह, प्रो. कविता शाह, सीए राज के अग्रवाल, प्रो. पतंजलि मिश्रा, डॉ. सुनील विश्वकर्मा, डॉ. मुक्ति पांडेय, डॉ. संजय कुमार को सम्मानित किया गया।
संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा 2023 में 357 रैंक प्राप्त करने के लिए अर्चित देवा को भारत रत्न डॉ. भगवान दास मेधा सम्मान दिया गया। विद्वानों की प्रशस्ति विद्यालय के उप प्रबंधक डॉ. अभिनव भट्ट ने पढ़ी। बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इस दौरान डॉ. मनोज कुमार शाह, विवेक साह, डॉ. शालिनी शाह, स्मृति साह, सलोनी शाह उपस्थित रहे।
19- निजी कंपनी फरार, नहीं मिला बकाया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय जनसंपर्क कार्यालय में प्रदेश सरकार के स्टांप एवं पंजीयन मंत्री रविंद्र जायसवाल ने बृहस्पतिवार को जनसुनवाई की। फूलपुर निवासी वीरेंद्र उपाध्याय ने कहा कि वह शिवपुर स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। कंपनी कई कर्मचारियों को बकाया न देकर फरार हो गई।
पीएफ विभाग में चालान राशि से जो धन जमा होता था। वह भी नहीं मिल रहा है। इस पर मंत्री ने कहा कि कोई भी कर्मचारी पीएफ और पेंशन के लिए परेशान न हो इसकी जिम्मेदारी अफसर तय करें। महमूरगंज की इंदु पांडेय ने कहा कि उन्होंने अपना फ्लैट किराए पर दिया था मगर किरायानामा खत्म होने के बाद भी किराएदार खाली नहीं कर रहा है।
20- फायरिंग के आरोपी हिस्ट्रीशीटर ने जमानत तुड़वा कर किया सरेंडर
रोहनिया के अमरा में सिगरेट का पैसा मांगने पर फायरिंग के आरोप में दुकानदार अमन राजभर की तहरीर पर रोहनिया थाने में बेटावर निवासी हिस्ट्रीशीटर गोलू यादव और दो अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस तीनों की तलाश कर रही थी कि बृहस्पतिवार को गोलू यादव ने लंका थाने के एक पुराने मुकदमे की जमानत तुड़वा कर अदालत में समर्पण कर दिया।
अवलेशपुर निवासी अमन राजभर ने पुलिस को बताया कि बुधवार की रात वह अमरा स्थित अपनी दुकान पर अपने भाई और मां के साथ बैठा था। उसकी दुकान पर गोलू यादव अपने दो साथियों के साथ आया और तीन सिगरेट लिया। दुकान के बाहर खड़े होकर तीनों ने सिगरेट पी।
इसके बाद तीनों जाने लगे तो उसने पैसा मांगा। इस पर वह तीनों गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर गोलू यादव व उसके साथियों ने उसे मारापीटा और पिस्तौल से फायरिंग की। संयोग अच्छा था कि वह बाल-बाल बच गया। रोहनिया थाने की पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
21- काली पट्टी बांधकर कर्मचारियों ने किया काम
भारतीय रेलवे कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर एनपीएस एवं यूपीएस के विरोध में बृहस्पतिवार को बनारस रेल इंजन कारखाना में कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर काम किया। डीएलडब्ल्यू रेल मजदूर यूनियन के महामंत्री दीपक कुमार ने कहा कि यूपीएस में सैकड़ों कमियां हैं और कर्मचारियों के साथ धोखा है। कार्यक्रम में कौशल किशोर, अमित कुमार, राजू राजेश, सुधीर बाबू, मदन कुमार उपस्थिति रहे।
22- सात बजे शुरू होगा लाइट एंड साउंड शो
पर्यटन विभाग ने सारनाथ के धमेख स्तूप पर प्रतिदिन दिखाए जाने वाले लाइट एंड साउंड शो के समय में बदलाव कर दिया है। अब पर्यटकों को साढ़े छह बजे प्रवेश दिया जाएगा और सात बजे शो शुरू होगा। उपनिदेशक पर्यटन राजेंद्र कुमार रावत ने बताया कि इसके पूर्व लाइट एंड साउंड शो का संचालन शाम साढ़े छह बजे से किया जा रहा था अब इसमें बदलाव किया गया है। शनिवार रविवार तथा अन्य अवकाश वाले दिन प्रवेश शुल्क 150 रुपये है तो बाकी के दिन 100 रुपये प्रवेश शुल्क लिया जाता है।
23- बनारस-नई दिल्ली के समय में हुआ बदलाव
रेलवे ने गाजीपुर सिटी-आनंद विहार टर्मिनस एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 22433, बनारस-नई दिल्ली एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 15127 के गाजियाबाद स्टेशन पर ठहराव समय में संशोधन किया है। जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि गाजीपुर सिटी-आनन्द विहार टर्मिनस एक्सप्रेस संशोधित समयानुसार गाजियाबाद स्टेशन से सुबह 5.05 बजे छूटकर आनंद विहार टर्मिनस पर सुबह 5.40 बजे पहुंचेगी। बनारस-नई दिल्ली एक्सप्रेस संशोधित समयानुसार गा़जियाबाद स्टेशन से सुबह 4.59 बजे छूटकर नई दिल्ली सुबह 05.45 बजे पहुंचेगी।
24- मुंबई के लिए चलेंगी अतिरिक्त ट्रेनें
रेलवे प्रशासन त्योहारों पर यात्रियों की होने वाली अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बनारस-लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई) गाड़ी संख्या 01053/01054 साप्ताहिक त्योहार विशेष गाड़ी का संचलन करेगा। जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि लोकमान्य तिलक टर्मिनस से गाड़ी 30 अक्तूबर, 06 नवंबर को तथा बनारस से 31 अक्तूबर, 07 नवंबर को प्रत्येक बृहस्पतिवार को दो फेरों के लिए चलाई जाएगी।
25- मयंक चौबे व अनुभव राव बनाए गए सोनभद्र के प्रभारी
प्रदेश युवा कांग्रेस ने प्रदेश महासचिव मयंक चौबे व अनुभव राय को सोनभद्र जनपद का युवा कांग्रेस इकाई का प्रभारी बनाया है। बीती रात जारी सूची में दोनों नेताओं को यह जिम्मेदारी मिली है। मयंक चौबे ने कहा कि युवाओं को जोड़ना प्राथमिकता होगी। सोनभद्र जनपद के विधानसभा क्षेत्र ओबरा, घोरावल, दुद्धी, राबर्ट्सगंज में ब्लॉक, पंचायत और वार्ड स्तर पर सदस्यता अभियान चलाया जाएगा व युवाओं के मुद्दों पर संघर्ष होगा। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, प्रदेश अध्यक्ष युवा कांग्रेस विशाल सिंह, जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे,वरिष्ठ नेता सतीश चौबे ने कांग्रेसजनों ने बधाई दी है।
26- मेहंदी प्रतियोगिता में दीपिका और राधा को मिला पहला स्थान
उद्धव फाऊंडेशन की ओर से हरतालिका तीज के उपलक्ष्य में बृहस्पतिवार को मेहंदी प्रतियोगिता हुई। ककरमत्ता स्थित होटल में आयोजित प्रतियोगिता के कनिष्ठ व वरिष्ठ वर्ग में 38 बच्चों ने हिस्सा लिया। कनिष्ठ वर्ग में दीपिका यादव और वरिष्ठ वर्ग में राधा गुप्ता को पहला स्थान मिला।
वहीं आयुषी श्रीवास्तव व आयुषी वार्ष्णेय और अमित गुप्ता व संतोष जायसवाल ने क्रमश: द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किया। मुख्य अतिथि प्रिंस कुमार जायसवाल, पूजा जायसवाल और अशोक वार्ष्णेय ने दीप जलाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। महामंत्री पल्लवी वार्ष्णेय ने स्वागत किया। संयोजक पायल सरल व अंशु पांडेय ने संचालन और धन्यवाद ज्ञापन पुष्पकला झा ने किया।
27- पॉलिटेक्निक में छात्राओं को नये कानून के बारे में बताया
राजकीय महिला पॉलिटेक्निक सुंदरपुर में गुरुवार को महिला पुलिस की टीम ने छात्राओं को जागरूक किया। बताया कि रास्ते में कोई अनहोनी हो या कोई परेशान करे तो घबराएं नहीं। विपरीत परिस्थिति का डटकर मुकाबला करें। आरोपी के बारे में पुलिस को बताएं। पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए हमेशा तैयार है। गोपनीयता छिपाते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कोई भी परेशानी होने पर डायल 112 पर तुंरत सूचना दें। उन्हें नये कानून के बारे में भी बताया गया। छात्राओं ने भी पुलिस से कई सवाल पूछे। प्राचार्य प्रमोद कुमार सिंह, उमेश सोनकर, आसिफ जैदी, योगेश कुमार मौजूद रहे।
28- गुरुजनों के स्मरण का दिन है शिक्षक दिवस
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के दीनदयाल उपाध्याय कौशल केंद्र में शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता प्रो. जितेंद्र कुमार ने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन महान शिक्षक भी थे। उनका दर्शनशास्त्र के साथ साथ भारतीय संस्कृति और सभ्यता पर बहुत गहरा अध्ययन था। शैक्षिक के साथ साथ उनका राजनीतिक प्रभाव था वो हमारे देश के प्रथम उपराष्ट्रपति हुए।
मुख्य अतिथि सूचना एवं ग्रंथालय विज्ञान के प्रो. हीरक कांत चक्रवर्ती ने कहा कि राधाकृष्णन ने कहा था कि मेरा जन्मदिन यदि मनाना है तो शिक्षक दिवस के रूप में मनाए क्योंकि शिक्षक, शिक्षण और समाज ये तीन प्रमुख पहलू हैं जिसमें शिक्षक की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण होती है।
विशिष्ट अतिथि शिक्षा शास्त्र विभाग डॉ. विशाखा शुक्ला ने कहा कि आज हमारे गुरुजनों के स्मरण का दिन है। उनके प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का दिन है। हमारा यह दायित्व है कि हमें भारतीय ज्ञान परंपरा और अपने नैतिक मूल्य को निरंतर आगे बढ़ते रहना है। अध्यक्षता करते हुए प्रो. विधु द्विवेदी ने कहा कि शिक्षक हमारे आदर्श होते हैं और उन्हीं से प्रेरणा पाकर हम जीवन में आगे बढ़ते हैं। संचालन अखिलेश कुमार मिश्र और धन्यवाद ज्ञापन डाॅ. संदीप शर्मा ने किया। इस दौरान डॉ. विनय पांडेय, डॉ. कंचन पाठक, विष्णु पटेल,अरुण पांडेय मौजूद रहे।