वाराणसी जिले में शनिवार को कई घटनाएं चर्चा में रहीं। इनमें नशीले स्प्रे का छिड़काव कर भट्ठा मालिक के घर में चोरी व मरीज की मौत के बाद अस्पताल में मारपीट की घटनाएं सुर्खियों में बनी रहीं। आइए आज की प्रमुख खबरों को एक नजर में जानते हैं...
भेलूपुर थाना क्षेत्र के गंगोत्री हॉस्पिटल के संचालक डॉ. प्रदीप चौरसिया की शिकायत पर मरीज की मौत के बाद हंगामा करने के छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। भेलूपुर थाने की पुलिस ने चांदपुर लहरतारा क्षेत्र के चंदन चौबे, कुंदन चौबे, माही चौबे, राघवेंद्र चौबे, कृष्णानंद चौबे, आकाश पांडेय और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। डॉ. प्रदीप के अनुसार, चंदन चौबे ने 27 फरवरी को अपनी मां को ब्रेन हेमरेज के बाद गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया थआ। ऑपरेशन के बाद इलाज के दौरान 18 मार्च को उसकी मां की मौत हो गई। आरोप है कि बकाया पैसा देने के बजाय तीमारदारों ने कर्मचारियों और डॉक्टर से गालीगलौज करते हुए मारपीट की। इसके बाद पैसा दिए बगैर सभी शव लेकर चले गए।
2- नशीले स्प्रे का छिड़काव कर भट्ठा मालिक के घर चोरी
सरहरी गांव में चोर ईंट भट्ठा मालिक राजेश सिंह उर्फ मुन्ना सिंह के घर में नशीले स्प्रे का छिड़काव कर नकदी और जेवर चुरा ले गए। मुन्ना सिंह ने बताया कि कमरों से अजीब सी सुगंध आ रही थी। शनिवार सुबह परिवार के सदस्यों की नींद ही नहीं खुल रही थी। उधर, घटना की सूचना पाकर लोहता थाने की पुलिस ने मुआयना किया। बताया कि चोर उनके बेटे के कमरे में गए। आलमारी खोलकर उसमें से सोने की आठ अंगूठी, मंगलसूत्र, कान का झुमका, चेन और चांदी के कुछ जेवर चुरा ले गए। उसके बाद उनके कमरे में रखी आलमारी खोलकर सोने की दो अंगूठी, पायल और दो हजार रुपये चुरा ले गए।
सिंहपुर में रिंग रोड के पास शुक्रवार रात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मारने के बाद कुचल दिया। बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हरहुआ, ओसानपुर निवासी किरन कुमार वर्मा (42) बाइक से गांव की एक बरात में चमरहा गया था। वापस लौटने समय रात लगभग एक बजे सिंहपुर में रिंग रोड पर डंडन बाबा की कुटिया के पास एक तेज रफ्तार वाहन ने किरन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। सारनाथ थाने की पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों ने बताया कि किरन गांव में ही ट्रैक्टर चलाने का काम करता था। वह अपने चार भाइयों में सबसे छोटा था।
4- अस्सी घाट घूमने पहुंची वृद्ध महिला का पर्स चोरी
अस्सी घाट घूमने के लिए पहुंची वृद्धा स्वाती चक्रवर्ती का पर्स चोरों ने उड़ा दिया। पर्स में 15000 रुपये, डेबिट कार्ड, आधार कार्ड और पैन कार्ड था। महिला की शिकायत पर भेलूपुर थाने की पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज किया। स्वाती ने पुलिस को बताया कि वह नरिया में अपनी बहन के घर रहती हैं। बुधवार शाम वह अस्सी घाट घूमने गई थी। योग करने के दौरान पर्स अपने बगल में रखी थी। उसी दौरान किसी ने चुरा लिया।
5- फेसबुक पर महिला के खिलाफ अभद्र टिप्पणी, मुकदमा
गौरीगंज इलाके में रहने वाली एक महिला के खिलाफ फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी के आरोप में गिरजा शंकर जायसवाल के खिलाफ भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला के अनुसार आरोपी पेशेवर अपराधी है। मूलरूप से कैंट थाना क्षेत्र का रहने वाला है। गौरीगंज में अपने ससुर के मकान में रहता है। आए दिन वह अवांछनीय तत्वों को बुलाकर शराब पिलाता है। साथ ही, महिला और उसके पति को फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देता है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।