वाराणसी से कोलकाता के पास हल्दिया के बीच परिवहन का सस्ता साधन उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने 5369.18 करोड़ रुपये की जलमार्ग परियोजना को मंजूरी दी है। परियोजना मार्च 2023 तक पूरा होने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई आर्थिक मामलों की कैबिनेट कमेटी की बैठक के बाद केंद्रीय सड़क परिवहन, राजमार्ग एवं जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि इस परियोजना के तहत मल्टीमोडल ट्रांसपोर्ट टर्मिनल भी बनाए जाएंगे।
ये टर्मिनल सड़क मार्ग, रेल मार्ग और जल मार्ग, तीनों से जुड़े होंगे। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर और पटना के पास कालूघाट में भी इंटरमोडल टर्मिनल विकसित किए जाएंगे। इस जलमार्ग पर रात में भी नेविगेशन की व्यवस्था होगी। परियोजना के लिए विश्व बैंक ने भागीदारी की स्वीकृति दी है।