एलाइन सर्टिफिकेट ऑफ रजिस्ट्रेशन न होने के कारण फिलीपींस की राजधानी मनीला के एयरपोर्ट पर रोके गए वाराणसी के मेडिकल छात्र आदर्श राय के बारे में सूचना मिलते ही पीएमओ ने तत्काल मदद की।
भारतीय दूतावास के जरिए वेरिफिकेशन की सारी प्रक्रियाएं दो से तीन घंटे में पूरी करा दी गईं। मनीला से रवाना हो चुके आदर्श के मलेशिया से चेन्नई-दिल्ली होते वाराणसी पहुंचने की सूचना दूतावास ने दी है।
आदर्श यहां कैंड रोडवेज निवासी भाजपा नेता और आईएमए अध्यक्ष डॉ. अशोक राय के पुत्र हैं। वह मनीला, फिलीपिंस स्थित ऑवर फातिमा लेडी यूनिवर्सिटी से मेडिकल की पढ़ाई कर रहे हैं। दो दिन पहले आदर्श मनीला से घूमने क्वालालंपुर गए थे।
वहां से वापसी के दौरान उनका पर्स और एसीआर कार्ड कहीं गिर गया। वेरिफिकेशन न होने से सुरक्षा कारणों के चलते उन्हें मनीला एयरपोर्ट पर रोक लिया गया। वहां के इमिग्रेशन की ओर से डॉ. अशोक कुमार राय को इस बारे में जानकारी दी गई तो उन्होंने पीएमओ की मदद ली।
भाजपा के संगठन महामंत्री रत्नाकर और प्रदेश सह प्रभारी सुनील ओझा के मदद से प्रधानमंत्री कार्यालय को 28 जुलाई रात 9.17 पर मेल कर पूरी घटना की जानकारी दी। मामला पीएम के संसदीय क्षेत्र का जुड़ा होने की वजह से कार्रवाई भी तुरंत हुई।
20 मिनट बाद ही दूतावास से यह जानकारी मिली कि आदर्श सुरक्षित है और सभी सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। डॉ. अशोक राय ने बताया कि दूतावास के सेकेंड आफिसर संतोष मिश्रा ने बताया है कि आदर्श को मलेशिया, चेन्नई, दिल्ली होते हुए बनारस भेजा जा रहा है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री को मेल भेजकर आभार जताया है।